Home > Archived > अनिल मिश्रा अध्यक्ष और वीरेन्द्र पाल सचिव चुने गए

अनिल मिश्रा अध्यक्ष और वीरेन्द्र पाल सचिव चुने गए

अनिल मिश्रा अध्यक्ष और वीरेन्द्र पाल सचिव चुने गए
X

कड़ी सुरक्षा में हुए उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ के चुनाव 3372 में से 2726 मतदाताओं ने डाले वोट

ग्वालियर। उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच आज मतदान के बाद हुई मतगणना में अध्यक्ष पद पर अनिल मिश्रा तथा सचिव पद के लिए वीरेन्द्र सिंह पाल चुने गए। कांटे के मुकाबले में श्री मिश्रा ने अपने निकटतम प्रतिद्वदीं प्रेम सिंह भदौरिया को 131 मतों से पराजित कर दिया, जबकि सचिव पद पर श्री पाल ने पवन पाठक को 124 मतों से हरा दिया। चुनाव अधिकारी डी.आर. शर्मा ने जब परिणामों की घोषणा की तो चुनाव में विजयी घोषित किए गए प्रत्याशियों के समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया ।अन्य पदों की मतगणना शनिवार सुबह की जाएगी।

चुनाव में 3372 मतदाताओं में से कुल 2726 ने अपने मत का प्रयोग किया इस तरह कुल मिलाकर लगभग 80 से 82 प्रतिशत मतदान हुआ है इसमें कुल ६9 मत निरस्त हो गए। मतगणना लगातार साढ़े तीन घंटे चली।

अनिल मिश्रा और प्रेम सिंह में रही कांटे की टक्कर:- इस चुनाव में अनिल मिश्रा और प्रेम सिंह भदौरिया के बीच कांटे की टक्कर चल रही थी। इस दौरान अनिल मिश्रा ने 1239 मत प्राप्त कर प्रेम सिंह भदौरिया को 131 मतों से पराजित कर दिया। श्री मिश्रा की जीत पर जमकर आतिशबाजी भी की गई।

किसी ने भाई के लिए तो किसी ने पिता के लिए मांगे वोट:- इस प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में अपने प्रत्याशियों के लिए मत और समर्थन जुटाने मतदान शुरू होने से काफी पहले ही उनके समर्थक यहां एकत्रित हो गए। इनमें से कोई अपने भाई तो कोई अपने पिता के लिए वोट मांग रहा था। मतदान सुबह 9.30 से शाम को 5 बजे तक कड़ी सुरक्षा में चला।

सुबह से पहुंचे मतदान स्थल:- इस चुनाव में 17 पदों के लिए 67 प्रत्याशी मैदान में थे। मतदान के लिए 78 बूथ बनाए गए थे जिसमें एक बार में 78 लोगों ने अपने-अपने मतों का प्रयोग किया। पुराने उच्च न्यायालय परिसर में शुक्रवार सुबह से अद्भुत नजारा था। यहां चारों और काले कोट में अभिभाषक ही अभिभाषक दिखाई दे रहे थे। इन सभी के हाथों में अपने-अपने प्रत्याशियों की तख्ती हाथों में थी। इस दौरान मौके पर सहायक निर्वाचन अधिकारी मुकेश कुमार गुप्ता, राजेन्द्र जैन, जगदीश शर्मा, भारत सिंह कौरव एवं पुरुषोत्तम पाण्डेय आदि उपस्थित थे।

इन्होंने भी किया मतदान:- इस चुनाव में वरिष्ठ अभिभाषक आर.डी. जैन, हरीदास गुप्ता, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चन्द्रमोहन नागोरी, अशोक शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. दर्शन सिंह, भाजपा नेता सतीश सिंह सिकरवार, महेश मुदगल एवं मुरारीलाल दुबे आदि ने भी अपने-अपने मत का प्रयोग किया।

एक नजर में
* वोट पाने के लिए रिश्तो की दुहाई दी तो किसी ने पैर छूकर मांगे वोट।
* प्रचार के कारण जयेन्द्रगंज में दिनभर जाम की स्थिति बनती रही।
* न्यायालय परिसर में दिनभर भीड़ रही।
* प्रचार करने वालों को मौके पर ही खाने के पैकेट पहुंचाए गए।
* मत पेटियां भरने के बाद टीन के कनस्तर में डलवाए गए मत।
* मौके पर पुलिस बल भी रहा मौजूद।
* प्रेक्टिस करने वाले अभिभाषकों ने भी डाले वोट।
* मतदान के दौरान न्यायालय प्रक्रिया सामान्य रूप से चलती रही।

Updated : 26 Nov 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top