आम लोगों के साथ पर्यटक भी परेशान, मंत्री महेश शर्मा ने दिए आदेश, आज भी पुराने नोटों पर मिलेगा स्मारकों में प्रवेश टिकट

आगरा। ताजमहल पर 500 और 1000 रुपए के नोट बुधवार को स्वीकार नहीं किए जाने से पर्यटकों को हुई असुविधा का केंद्रीय पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने संज्ञान लेते हुए आदेश दिया कि पर्यटकों से आज शुक्रवार को भी पुराने नोट स्वीकार किए जाएं व उन्हें स्मारकों में प्रवेश हेतु टिकट उपलब्ध कराया जाए।

बुधवार को 500 व 1000 के नोटों को ताजमहल व आगरा किला पर पर्यटकों से स्वीकार नहीं किया गया था। देशी व विदेशी पर्यटक बिना ताजमहल देखे लौट गए थे, गुरूवार को स्वदेश ने पर्यटकों की समस्या पर विस्तार से समाचार प्रकाशित किया था। जिस पर आगरा डवलपमेंट फाउंडेशन के सचिव केसी जैन ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री से बात कर पर्यटकों की समस्या पर चर्चा करी। केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने तत्काल पुरातत्व विभाग को आदेश देते हुए शुक्रवार तक पर्यटकों से पुराने नोटों पर टिकट देने का आदेश दिया। वहीं संजय प्लेस में नोट निकालने पहुंची भीड़ को देखकर विदेशी पर्यटक नोट एक्सचेंज नहीं कर पाए और मायूस होकर लोट लिए।
ताजमहल पर देसी पर्यटकों के लिए टिकट 50 रुपए और विदेशी पर्यटकों को 1000 रुपए में मिल रहा है।

पर्यटकों से आज पुराने नोट स्वीकर किए जाएंगे और टिकट दिया जाएगा। खुले रुपए की किल्लत होने की वजह से रकम वापस में थोड़ी समस्या आ रही है।
-भुवन विक्रम सिंह, अधीक्षण पुरातत्वविद्, आगरा सर्किल।

Next Story