Home > Archived > पाकिस्तान ने कठुआ, सांबा और जम्मू में किया संघर्षविराम का उल्लंघन

पाकिस्तान ने कठुआ, सांबा और जम्मू में किया संघर्षविराम का उल्लंघन

पाकिस्तान ने कठुआ, सांबा और जम्मू में किया संघर्षविराम का उल्लंघन
X

जम्मू | पाकिस्तान रेंजर्स ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सांबा, कठुआ और जम्मू जिलों में संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए आज बीएसएफ चौकियों और आम नागरिक इलाकों को निशाना बनाकर छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार दागे जिसका बीएसएफ ने माकूल जवाब दिया।

बीएसएफ के जम्मू फ्रंटियर के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) धर्मेंद्र पारिक ने आज कहा जम्मू जिले के आरएस पुरा सेक्टर में आज शाम बिना उकसावे के गोलीबारी की गई। इससे पहले गोलाबारी सुबह में रूक गई थी। उन्होंने कहा कि रात आठ बजे पाकिस्तान रेंजर्स ने आरएस पुरा सेक्टर में दो स्थानों पर गोलीबारी करना शुरू कर दी। उन्होंने सुचेतगढ़ इलाके में मोर्टार भी दागे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी गोलीबारी का बीएसएफ ने मुंहतोड़ जवाब दे रही है। जम्मू, सांबा, और कठुआ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रातभर की गोलाबारी के बाद सुबह आठ बजे से शांति थी। पाकिस्तान रेंजर्स ने कल रात जम्मू क्षेत्र के सांबा, कठुआ और जम्मू जिलों में संघषर्विराम का उल्लंघन किया।

पारिक ने कहा, ‘पाकिस्तान की ओर से आर एस पुरा सेक्टर में रात के नौ बजकर 15 मिनट से गोलीबारी शुरू हुई जो तड़के तीन बजे तक रूक-रूककर होती रही।’ पारिक ने बताया कि रेंजर्स ने छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार बम दागे, हालांकि ये गोलीबारी बहुत प्रभावी नहीं थी। उन्होंने साथ ही बताया कि बीएसएफ ने गोलीबारी का माकूल जवाब दिया। उन्होंने कहा कि देर रात दो बजे पाकिस्तान ने हीरानगर और संबा सेक्टर में अंतराल पर गोलीबारी शुरू की जो सुबह छह बजे तक चली। उन्होंने कहा कि बीएसएफ ने जहां भी जरूरत थी वहां माकूल जवाब दिया। अधिकारी ने बताया कि सुबह आठ बजकर 20 मिनट पर अंतरराष्ट्रीय सीमा के सभी हिस्सों में गोलीबारी रूक गई। कोई हताहत नहीं हुआ।

Updated : 31 Oct 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top