इंदौर टेस्ट- तीसरे दिन लंच तक न्यूजीलैंड ने 1 विकेट पर 125 रन बनाये

इंदौर। तीन टेस्ट मैचों के आखिरी टेस्ट की तीसरे दिन न्यूजीलैंड ने भारत के 557 रनों के जवाब में अपनी पहली पारी में लंच तक 1 विकेट पर 125 रन बना लिये हैं। मार्टिन गप्टिल (59 रन, 8 चौके, 2 छक्के) और केन विलियम्सन (3) क्रीज पर हैं। गप्टिल ने 86 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
भारत को पहली सफलता आर. अश्विन ने जमकर खेल रहे टॉम लाथम को अपनी ही गेंद पर लपक कर दिलाई। लाथम ने 104 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 53 रन बनाए। उन्होंने 95 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। लाथम-गप्टिल के बीच 34.2 ओवरों में 118 रनों की मजबूत साझेदारी हुई।
इसके पहले भारतीय बल्लेबाजी के दौरान कीवी टीम को 5 रन अतिरिक्त दिए गए, क्योंकि रवींद्र जडेजा ने बल्लेबाजी के दौरान पिच के डेंजर एरिया में दौड़ लगा दी। उन्होंने ऐसा दो बार किया, जिससे अंपायर ने 5 रन की पेनल्टी लगा दी। इस प्रकार न्यूजीलैंड ने 0 की बजाय 5 रन से अपनी पारी की शुरुआत की।