प्रधानमंत्री मोदी ने 12 महीनों में 19 देशों की यात्रा की

नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पद संभालने के बाद से करीब एक साल में 19 देशों की यात्रा पर गए। सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 मई 2014 को (शपथ ग्रहण के बाद से) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 विदेशी दौरों पर गए और इस दौरान 19 देशों की यात्रा की।
प्राप्त सूचना के मुताबिक, इन देशों में भूटान, नेपाल, जापान, अमेरिका, म्यामां, आस्ट्रेलिया, फिजी, सेशल्स, मारिशस, श्रीलंका, सिंगापुर, फ्रांस, जर्मनी, कनाडा, चीन, दक्षिण कोरिया, मंगोलिया और बांग्लादेश शामिल हैं।
लखनऊ स्थित आरटीआई कार्यकर्ता संजय शर्मा ने पीएमओ से प्रधानमंत्री के विदेश दौरे के बारे में जानकारी मांगी थी।
उल्लेखनीय है कि रणनीतिक, आर्थिक और ऊर्जा के क्षेत्र में संबंधों को विस्तार देने के मकसद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब छह से 13 जुलाई के बीच रूस और मध्य एशिया के पांच देशों की यात्रा पर जा रहे हैं। इस दौरान वह रूस में ब्रिक्स और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की शिखर बैठकों में हिस्सा लेंगे। मोदी, उज्बेकिस्तान, कजाखस्तान, रूस, तुर्कमेनिस्तान, किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान की यात्रा पर जा रहे हैं।
