आधा सूबा तरबतर, आधे को अब भी इंतजार

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम अपना अलग ही मिजाज दिखा रहा है। एक ओर जहां सूबे का आधा हिस्सा पानी से तरबतर हो गया है तो वही आधे को अब भी मानसून का इंतजार है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई क्षेत्र ऐसे हैं जहां अब तक मानसून नहीं पहुंच पाया है। बारिश का इंतजार कर रहे शहरवासियों को उमस ने परेशान कर दिया है।
शनिवार को सुबह से ही उमस रही जिससे लोगों को परेशानी हुई। हालांकि मौसम वैज्ञानिक रविवार तक मानसून के भोपाल पहुंचने की आशंका जता रहे हैं।
वही खंडवा अंचल में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। कोठा, जामनिया के पास पानी में बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। तेज बारिश के कारण झिरन्या-खंडवा मार्ग पर स्थित पुल पर 2 घंटे पानी रहने से शाम 5 बजे से 7 बजे तक मार्ग बंद रहा। गुरुवार-शुक्रवार की रात पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। नदी नाले उफान पर हैं। इंदौर, बड़वानी, छिंदवाड़ा, बैतूल समेत प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी हैं। जबकि इससे उलट राजधानी भोपाल, जबलपुर, सतना, रीवा, ग्वालियर, अशोकनगर क्षेत्र अब भी सूखे हैं। यहां मानसून लेट होने से उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा हैं।