आंधी के साथ हुई बारिश, पेड़ हुए धराशायी

श्योपुर। शनिवार की सुबह तेज गर्मी रही लेकिन दोपहर होते ही अचानक मौसम बदला और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। लगभग आधे घण्टे तक रफ्तार से चली हवा के बीच हुई बारिश ने माहौल में कुछ समय के लिए तो ठण्डक घोल दी , लेकिन कुछ समय बाद ही उमस ने लोगों को हलाकान कर दिया।
शनिवार को अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री तथा न्यूनतम 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शाम को आर्द्रता 57 प्रतिशत दर्ज की गई। जिसके चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शनिवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया। पहले तो रफ्तार से हवा चली और बाद में बारिश शुरू हो गई। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
करीबन आधे घण्टे तक तेज हवा और बारिश होती रही जो मौसम विभाग के मुताबिक 8 एमएम दर्ज हुई। जबकि शाम के समय हवा की गति 20 किमी. दर्ज हुई।
आंधी से टूटा पेड़ हादसा टला
शनिवार को अचानक आए मोसम बदलाव के कारण दोपहर को तेज रफ्तार से हवा चली। जिसके कारण सबकुछ अस्त व्यस्त हो गया वही शहर में कई स्थानों पर बड़े बड़े पेड़ टूटकर जमीन पर आ गिरे। गांधी चौक स्थित नगरपालिका परिसर में लगा वर्षों पुराना नीम का पेड़ हिस्सों में टूट गया। जिसका एक हिस्सा मैन रोड़ पर आकर गिरा। ऐसे में यहां लगी दुकानों एवं राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गनीमत यह रही कि कोई जन-धन की हानि नहीं हुई। हालांकि बाद में नगरपालिका की जेसीबी द्वारा उस पेड़ को हटाने की कार्यवाही की गई।
अनेक क्षेत्रो में गुल रही बिजली
शनिवार दोपहर तेज रफ्तार से चली हवा के कारण बिजली की लाईन ध्वस्त होने की जानकारी मिली है। जो शाम तक दुरुस्त नहीं हो पाई। जिसके चलते कई इलाकों में अंधेरा छा गया। वहीं दोपहर के समय बिजली गुल होने से लोगों गर्मी के कारण पसीना- पसीना हो गए।