पांच और नई तहसीलें बनी!

जिले में तहसीलों की संख्या बढ़कर हुई नौ
ग्वालियर। ग्वालियर जिले में तहसीलों की संख्या बढऩा लगभग तय हो गया है। पूर्व में जहां तहसीलों की संख्या पांच थी वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर नौ हो जाएगी। व्यवस्था में बदलाव करते हुए ग्वालियर गिर्द तहसील को पांच भागों में विभाजित किया गया है। जबकि शेष तहसीलों को यथावत रखा गया है। अपुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजस्व विभाग ने इस संबंध में घोषणा कर दी है और 30 जून के बाद नई तहसीलें अस्तित्व में आएंगी।
नई तहसील के साथ उनके मुख्यालय भी निधार्रित किए गए है। तानसेन तहसील का मुख्यालय हस्तिनापुर, मुरार का मुख्यालय मुरार, लश्कर का मुख्यालय गोरखी, सिटी सेन्टर का मुख्यालय सिटी सेन्टर व ग्वालियर का मुख्यालय ग्वालियर रहेगा। इस संबंध में और अधिक जानकारी देते हुए अधीक्षक, भू- अभिलेख प्रवीण प्रजापति ने बताया कि आमजन को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्वालियर गिर्द तहसील का विभाजन किया गया है। नई व्यवस्था के अन्तर्गत प्रत्येक तहसील का पृथक भवन और कर्मचारी होंगे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि तहसील की संख्या बढ़ाने के लिए जो प्रस्ताव जिले द्वारा भेजा गया था वह कैबिनेट में पेश हो चुका है लेकिन अभी उस पर मुहर लगी है अथवा नहीं इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
पूर्व की व्यवस्था
ग्वालियर गिर्द, डबरा, भितरवार, चीनौर, घाटीगांव
नई व्यवस्था
तानसेन , मुरार, लश्कर, सिटी सेन्टर, ग्वालियर, डबरा, भितरवार, चीनौर, घाटीगांव
