आंध्र के चित्तूर में चंदन तस्कर और पुलिस में मुठभेड़, 20 मरे

हैदराबाद | पुलिस के साथ भीषण मुठभेड़ में आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में 20 चंदन तस्कर मारे गए। पुलिस ने बताया कि इस गोलीबारी में पुलिस के कुछ जवान और वनकर्मी घायल हुए हैं। यह घटना चित्तूर के चंद्रगिरी मंडल के शेषाचलम वन क्षेत्र में दो स्थानों पर हुई। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) आर पी ठाकुर ने कहा कि दो स्थानों पर 20 चंदन तस्कर मारे गए। उनकी हमारे कार्य बल के जवानों के साथ मुठभेड़ हुई। तस्कर चंदन की लकड़ियां लेकर ले जा रहे थे। उन्होंने हंसिए और आग्नेयास्त्रों से हमला किया। उन्होंने जवानों पर पथराव भी किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने जब उन्हें चुनौती दी, तो उन्होंने सुरक्षा बलों को काबू में करने और लकड़ियां लेकर भागने की कोशिश की। इस प्रक्रिया में उन्होंने पुलिसकर्मियों पर हमला किया।
ठाकुर ने कहा कि अधिकतर तस्कर तमिलनाडु के हैं। वे नियमित तौर पर हमारे क्षेत्र में आते हैं और चंदन की लकड़ियां काटते हैं जिन्हें छोटे वाहनों से विभिन्न स्थानों पर ले जाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की रिपोर्ट मिली हैं कि इस हमले में पुलिस के कुछ जवान और वनकर्मी भी घायल हुए हैं। इससे संबंधी अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
चंदन की लकड़ियां काटने के लिए करीब 100 की बड़ी संख्या में लकड़हारे आते हैं। इन लकड़हारों को एक बड़ा सरगना भेजता है। पिछले वर्ष भी इसी प्रकार की घटनाएं हुई थीं जिनमें चंदन तस्करों ने पुलिस और वन कर्मियों पर हमला किया था जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की थी। इन घटनाओं में भी कुछ तस्कर मारे गए थे।
पिछले वर्ष मई में चित्तूर के ममनदुर वन में करीब 200 चंदन तस्करों ने पुलिस के एक दल पर पथराव कर दिया था जिसके बाद पुलिस को हवा में गोलियां चलानी पड़ी थीं। इससे पहले 50 तस्करों के एक समूह ने शेषाचलम में पुलिस बल पर कुल्हाडियों से हमला किया था।