प्रधानमंत्री मोदी भी बनायेंगे सदस्य, तैयारियां शुरु

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सदस्यता अभियान को रफ्तार देने के लिए कम से कम सौ सदस्य अपने हाथ से बनायेंगे। वे वाराणसी दौरे के दौरान भाजपा के प्रवासीय कार्यकर्ता के रूप में डीरेका स्थित एक बूथ पर प्रवास करेंगे और कम से कम सौ सदस्य बनायेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी 27 व 28 जनवरी को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंच रहे हैं। वाराणसी में भाजपा ने अपने समस्त बूथ प्रमुखों को प्रवास करने के लिए एक बूथ दिया है, सदस्यता अभियान के तहत भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने योजना बनायी है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी अपने संसदीय क्षेत्र के एक बूथ पर प्रवासीय कार्यकर्ता की भूमिका निभायेंगे। नरेन्द्र मोदी ने अपने पिछले कार्यक्रम में अस्सी घाट की सफाई का निरीक्षण किया था और झाड़ू लगाया था। भाजपा के काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी संजय भारद्धाज ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले वर्ष के अंत में वाराणसी आये थे, जब उनके नई दिल्ली रवाना होने के बाद 26 दिसम्बर को सदस्यता बैठक हुई और वहां प्रदेश संगठनमंत्री सुनील बंसल ने सदस्यता अभियान में जुटे आम कार्यकर्ताओं को बताया था कि मोदी जी भी एक बूथ पर प्रवास करेंगे और नये सदस्य बनायेंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा की ओर से चलाये जा रहे सदस्यता अभियान के अंतर्गत एक बूथ प्रमुख को एक स्थान पर प्रवास भी करना है और जिसे कम से कम सौ नये सदस्य बनाने ही है। वहीं वाराणसी जिलाध्यक्ष नागेन्द्र रघुवंशी मुन्ना ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी उनके जिले के डीजल रेल इंजन कारखाना में स्थित चार बूथों में एक बूथ के प्रवासी सदस्यता प्रमुख बनने जा रहे है। जिसके लिए तैयारी शुरू हो गयी है। उन्होंने बताया कि वहां 27 जनवरी को दिन के एक घंटे प्रधानमंत्री मोदी वहां रहेंगे और वहां के बूथ कार्यकर्ताओं की मानिटरिंग करेंगे तथा साथ में खड़े होकर सदस्यता लक्ष्य तक पहुंचने के लिए संदेश देंगे। उन्होंने बताया कि डीरेका में रहने वाले प्रमुख कार्यकर्ताओं में नरेन्द्र सिंह, एस. गुप्ता इत्यादि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उस दिन सदस्यता करेंगे और अभी तक हुई सदस्यता का हिसाब देंगे। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 1638 बूथ है और जिसमें 1637 बूथ पर प्रवासी प्रमुख बनाये गये हं, अब इसमें प्रधानमंत्री मोदी को जोड़कर एक संख्या बढ़ेगी और पूर्ण हो जायेगी।
