आठ नहीं एक या दो करोड़ में बन जाएगा संग्रहालय

निगमायुक्त ने दिए कार्य शुरू करने के निर्देश
ग्वालियर। महाराज बाड़ा स्थित नगर निगम के पुराने मुख्यालय को अब संग्र्रहालय बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस कार्य को शुरू करने के निर्देश निगमायुक्त अजय गुप्ता ने दिए।
इस दौरान उन्होंने कार्य के डीपीआर की जानकारी ली तो बताया गया कि वह आठ करोड़ की बनी है इस पर निगमायुक्त श्री गुप्ता कहा कि यह कार्य एक या दो करोड़ का है आठ करोड़ की डीपीआर किसने बना दी।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम के पुराने मुख्यालय को उसका पुराना स्वरूप लौटाते हुए उसमें निगम का संग्रहालय बनाने की तैयारी चल रही है। चूंकि इमारत पहले से ही अपने स्वरूप में है इसलिए उसमें ज्यादा कार्य की जरूरत नहीं है। निगमायुक्त ने आज भवन अधिकारियों से बात कर कार्य की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि यह कार्य कितने का होना है भवन अधिकारियों ने बताया कि आठ करोड़ की डीपीआर बनी है निगमायुक्त श्री गुप्ता ने कहा कि यह कार्य तो महज एक या दो करोड़ का है फिर आठ करोड़ की डीपीआर क्यों बना दी। कार्य शुरू कराओ इसे कम से कम पैसे खर्च कर पुराने स्वरूप में लौटाना है।