इस वर्ष म्यांमार निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध : सेन

यंगून । म्यांमार के राष्ट्रपति यू थेन सेन ने आज नए साल के संदेश में कहा कि वर्ष 2015 में वह निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
राष्ट्रपति यू थेन सेन ने इस वर्ष होने वाले चुनाव में राजनीतिक पार्टियों, सिविल सोसायटी और आम लोगों से भी सहयोग और सहायता की मांग की।
राष्ट्रपति ने गुरुवार को देश के नाम अपने संदेश में कहा कि हम 2015 में आम चुनाव कराएंगे, जो हमारे लोकतांत्रिक सत्ता परिवर्तन में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार 2015 के आम चुनाव में सभी राजनीतिक पार्टियां निष्पक्ष चुनाव लड़ेंगी।
थेन सेन ने कहा कि इस क्रम में 2015 म्यांमार की राजनीति में महत्वपूर्ण साल साबित होगा। चुनाव और चुनावी प्रक्रिया के जरिए सही समाधान ढूंढने वाली राजनीतिक पार्टियों की कोशिश से यह आकार लेगा। राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रीय एकीकरण की प्रक्रिया में राजनीतिक विकास को जोड़ना महत्वपूर्ण और अनिवार्य है। यूनियन इलेक्शन कमिशन के अनुसार, आम चुनाव अक्टूबर के अंत या नवंबर की शुरुआत में होंगे।