इंडियन मुजाहिदीन का आतंकवादी सहारनपुर से गिरफ्तार

मेरठ | इंडियन मुजाहिदीन के आतंकी एजाज शेख को दिल्ली पुलिस ने रेलवे पुलिस के सहयोग से आज तड़के तीन बजे सहारनपुर रेलवे स्टेशन से उठाया है। वह पुणे का रहने वाला है। मुरादाबाद से ट्रेन से सहारनपुर आ रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने देवबंद के आसपास तीन अन्य साथियों के होने की जानकारी दी है। तीनों संदिग्धों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
इसके पहले आइएम के आतंकी फैजान अहमद सुल्तान को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। फैजान ने देवबंद से धार्मिक पुस्तकें भी खरीदी थीं। उसका बेटा देवबंद के एक मदरसे में पढ़ता था। उससे भी पूछताछ की गई थी। आइएम के यासिन भटकल, रियाज भटकल और इकबाल भटकल समेत कई आतंकियों के भी वेस्ट यूपी से कनेक्शन रहे हैं।
विशेष आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) एसएन श्रीवास्तव ने बताया, आईएम सदस्य एजाज शेख को गिरफ्तार किया गया। उसे सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया। जामा मस्जिद हमले सहित कई आतंकी हमले में वह संलिप्त था।
शेख पुणे का निवासी है। वह तकनीकी विशेषज्ञ माना जाता है और इंडियन मुजाहिदीन का महत्वपूर्ण सदस्य है। वह लंबे समय से फरार था और एक गुप्त सूचना के आधार पर विशेष प्रकोष्ठ की एक टीम ने उसे पकड़ा। शेख की गिरफ्तारी आईएम के लिए एक और बड़ा झटका है। इस साल मार्च में इंडियन मुजाहिदीन के भारत ऑपरेशंस प्रमुख तहसीन अख्तर उर्फ मोनू को विशेष प्रकोष्ठ ने भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया था।