इराक में रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल कर रहे आईएस आतंकवादी

बगदाद | आतंकवादी संगठन, इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने सलादीन प्रांत में इराकी सैनिकों पर कथित रूप से रासायनिक हथियारों से प्रहार किया है। यह ताजा जानकारी एक मीडिया रिपोर्ट से मिली है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रासायनिक हथियारों से हमले बुधवार और गुरुवार को धुलुइया कस्बे में हुए हैं। इससे करीब एक दर्जन लोग एवं सैन्यकर्मी प्रभावित हुए। धुलुइया पर दो माह से भी अधिक समय से आईएस के आतंकवादियों का कब्जा है। जुलाई के शुरू में इराक ने चेतावनी दी थी कि आतंकवादियों ने इराक की राजधानी बगदाद के उत्तर पश्चिम में पूर्ववर्ती शासन के रासायनिक हथियारों के जखीरे पर कब्जा कर लिया है।
संयुक्त राष्ट्र में इराक के राजदूत मोहम्मद अली अल्हाकिम ने एक पत्र में कहा है कि बगदाद से 55 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में स्थित एक भंडार में अन्य रासायनिक हथियारों के साथ ही खतरनाक नर्व एजेंटों से भरे 2500 रासायनिक रॉकेट रखे हुए थे। उन्होंने आगे कहा है कि इस स्थल की निगरानी प्रणाली दर्शाती है कि 11 जून को आतंकवादी गिरोह ने स्थल पर हमला किया था और कुछ हथियार लूट लिए थे।

Next Story