पार्वती पुल के ऊपर 15 फीट पानी

* कूनो नदी भी उफान पर , अन्य नदी-नाले भी उफने, जलमग्न हुई निचली बस्तियां
*जिले भर में हुई मूसलधार बारिश

श्योपुर । बीते सप्ताह तक बरसात के लिए जनजीवन की चाह अब आह में बदलती नजर आ रही है। बीते दो दिन से रूक- रूककर हो रही झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित तो हुआ है, लेकिन भरपूर बरसात से डैम व नदी नाले ओवर फ्लो हो जाने के बाद बरसात की खुशी भी जाहिर हो रही है। उधर बीते दो दिन से रूक- रूककर हो रही झमाझम बारिश से पार्वती नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है बुधवार को नदी के पुल पर से 15 फीट ऊपर पानी बह रहा था, वहीं कूनो, अमराल, सीप में भी जबरदस्त बहाव था।
बुधवार को पार्वती नदी खतरे को निशान को पार कर गई। इसके साथ ही पार्वती नदी के बीच टीले पर बसे सूंडी गांव में पानी भरने की आशंका बन गई है। मिली जानकारी के अनुसार पार्वती पुल पर खतरे का निशान 198 फीट पर है। बुधवार को पानी खतरे के निशान को पार करते हुए 198.30 फीट पर पहुंच गया। यानि पार्वती पुल के ऊपर 15 फीट पानी चल रहा है। पार्वती उफान पर होने के कारण श्योपुर-कोटा मार्ग दूसरे दिन भी बंद रहा। श्योपुर अंचल में हो रही बारिश की वजह से बंजारा डेम फिर से उफान पर आ गया है। इसी तरह अमराल, कदवाल सहित मोती डूंगरी भी दिनभर उफान मारतीं रहीं। उधर प्रशासन द्वारा पार्वती नदी में उफान के चलते आस- पास के गांव में हाई अलर्ट घोषित किया है।

बड़ौदा बना टापू
आस- पास नालों से घिरा बड़ौदा क्षेत्र इनमें आए ऊफान के चलते टापू सा बन गया है। आलम यह रहा कि कस्बा चारों ओर से पानी से घिर गया। सबसे ज्यादा असर वार्ड क्रमांक 12 व 13 में देखने को मिला है। यहां स्कूल सहित बस्तियों में पानी भरने के कारण लोगों को आने-जाने में खासी परेशानी हो रही है।

फसलों में भरा पानी
श्योपुर-कुहान्जापुर हाइवे निर्माण हो जाने व पानी की निकासी नहीं होने के कारण कई किसानों के खेतों में पानी भर गया वहीं ललितपुरा से राधापुरा के हार में भी पानी की निकासी नहीं हेाने के कारण फसलों में पानी भर गया। किसानों का कहना है कि पानी जल्द नहीं निकला तो फसले प्रभावित होने लगेगी।

मुख्य बाजार हुआ लबालब
शहर में हुई झमाझम बारिश से मेन बाजार में बार-बार पानी भरता रहा। जिससे आवागमन में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा ऊफान पर आए बंजारा डैम व अमराल नदी को देखने के लिए लोगों की भीड़ यहां उमड़ती दिखाई दी। इसके अलावा कूनो नदी में आए उफान के चलते भी लोग बड़ी संख्या में बावंदा नाले की ओर जाते दिखाई दिए।
शहर में 30 मिमी बारिश दर्ज
बुधवार को शहर सहित अंचल में सुबह से लेकर शाम तक बारिश हुई। तडके से हो रही बारिश शाम तक भी बंद नहीं हुई। जल संसाधन विभाग के आंकडों के अनुसार बुधवार को सुबह 8 बजे से शाम साढे पांच बजे तक 30 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। इस प्रकार अभी तक बारिश का आंकडा 407 मिमी पर पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले करीब आधा ही है। *

Next Story