आंध्र के मुख्यमंत्री नायडू से मिले अमित शाह

आंध्र के मुख्यमंत्री नायडू से मिले अमित शाह
X

हैदराबाद | भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं ने मौजूदा राजनीतिक हालात तथा दोनों दलों के संबंधों पर चर्चा की। तेदेपा केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में सहयोगी है। भाजपा भी आंध्र प्रदेश में तेदेपा के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल है।
शाह आंध्र प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं। गुरुवार को जन सेना पार्टी के संस्थापक व तेलुगू फिल्मों के अभिनेता पवन कल्याण ने उनसे मुलाकात की थी। भाजपा सूत्रों ने इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया है।
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हाल में हुए चुनाव में कल्याण ने भाजपा-तेदेपा गठबंधन के पक्ष में प्रचार किया था। कल्याण तेलुगू फिल्मों के अभिनेता व कांग्रेस नेता के. चिरंजीवी के छोटे भाई हैं। शाह ने गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि पार्टी दक्षिणी राज्यों में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है।


Next Story