इराक में फंसे 41 भारतीय सुरक्षित: सुषमा

इराक में फंसे 41 भारतीय सुरक्षित: सुषमा
X

नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा है कि इराक में बंधक बनाए गए 41 भारतीय सुरक्षित है । इराक में फंसे भारतीयों के मुद्दे पर लोकसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हालांकि सरकार इन लोगों के सीधे सम्पर्क में नहीं है, लेकिन विभिन्न सूत्रों से इनके सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है।
स्वारज ने कहा कि भारत इराक में जारी संघर्ष और बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के प्रति बहुत चिंतित है। उन्होंने सुझाव दिया कि बंधक बनाए गए भारतीयों की रिहाई के लिए सदन अपहरणकर्ताओं से अपील करे। उन्होंने कहा कि रमजान के पवित्र महीने में इनकी रिहाई भारत के लिए तोहफा हो सकती है।
रमजान का महीना चल रहा है। इस रमजान में वह भारत को तोहफा देने का काम करें। हमारे वह बच्चे छोड़ दें, जिनको उन्होंने पकड़ रखा है, वह निर्दोष हैं और वह एक ऐसे मुल्क से संबंधित हैं जो मुल्क उनके साथ दोस्ती रखता है। इसलिए आज इस सदन से अगर यह सुर जाए तो मुझे लगता है कि सबसे बड़ा ऐक्शनप्लान होगा कि आज की इस अपील का और भी असर होगा तो ईद से पहले रमजान के अंत तक वह बच्चे वापस आ जाएंगे। श्रीमती स्वराज ने बताया कि भारत इराक की सुरक्षा स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में उन्होंने खाड़ी देशो के विदेशमंत्रियों से सम्पर्क किया। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर रोज स्थिति का जायजा ले रहे है।
विदित हो कि इस संघर्ष के शुरु होने से पूर्व इराक में भारतीयों की संख्या लगभग 22000 थी। इनमें से बगदाद में 500, नजफ में 2300, करबला में 1000, बसरा में 3000, कुर्दिस्तान में 15000 तथा अन्य शहरों में 200 भारतीय शामिल हैं। इराक पर हुए अप्रत्याशित हमलों के बाद संघर्ष के क्षेत्रों में कुछ भारतीय फंस गए थे।

Next Story