देश में कच्चे तेल की आपूर्ति स्थिर है: मायाराम

देश में कच्चे तेल की आपूर्ति स्थिर है: मायाराम
X

नई दिल्ली । सरकार ने आज इराक में अशांति के चलते वैश्विक तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंकाओं पर विराम लगाते हुए कहा कि यह कोई चिंताजनक बात नहीं है। वित्त सचिव अरविन्द मायाराम ने कहा कि वह पूरे मामले पर निगाह रखे हुए है और इस बारे में घबराने का कोई कारण नहीं है। देश की लंबे-अवधि वाली कच्चे तेल की आपूर्ति स्थिर है।
उन्होंने कहा कि देश कच्चे तेल की अपनी कुल आवश्यकता का दो तिमाही कच्चा तेल आयात करता है। सरकार इराक संकट के बारे में सतर्क है। सउदी अरब के बाद इराक दूसरा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता देश है।
मायाराम ने कहा कि हम चौकस और सतर्क हैं। हमें उम्मीद है कि इराक संकट से उबर जाएंगे। इस संबंध में जहां तक भारत का सवाल है, तो इसमें घबराने का कोई कारण नहीं है। मुझे घबराने का कोई तत्काल कारण नहीं दिखाई देता। उन्होंने कहा कि देश के दीर्घकालिक तेल अनुबंध स्थिर हैं और तेल की आपूर्ति में कोई व्यवधान नहीं आएगा।
गौरतलब है कि इराक में इन दिनों तनावपूर्ण माहौल है जिससे वहां युद्ध जैसी स्थिति बन गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस तेल उत्पादक देश से तेल का आयात करना मुश्किल होगा और कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आने की आशंका है।


Next Story