नई दिल्ली | लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी के पक्ष में जबर्दस्त जन समर्थन का दावा करते हुए भोजपुरी गायक एवं अभिनेता तथा उत्तर पूर्व दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस सरकार के तहत महंगाई, भ्रष्टाचार से त्रस्त है, जबकि विधानसभा चुनाव में इन विषयों को मुद्दा बनाने वाले केजरीवाल वादा पूरा करने की बजाए 49 दिनों में ही पलायन कर गए।
मनोज ने कहा कि वह राजनीति में आए हैं और इस क्षेत्र में काम करना चाहते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए वह फिल्मों में काम करना कम कर देंगे हालांकि गायन जारी रह सकता है। उन्होंने कहा कि मोदी हमारे नेता हैं जो विकास के लिए जाने जाते हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने बार-बार इसे साबित भी किया है।
उन्होंने कहा कि वहीं, जिन मुद्दों और वादों के साथ केजरीवाल ने दिल्ली में सरकार बनाई, उसे पूरा करने की बजाए 49 दिन में ही सत्ता छोड़कर पलायन कर गए। एक तरफ काम का रिकॉर्ड है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के भ्रष्टाचार और आम आदमी पार्टी के पलायन का रिकॉर्ड है। लोग सब समझते हैं।
अपने ऊपर लगे बाहरी उम्मीदवार होने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि दिल्ली से ही करियर की शुरुआत की। गायक के रूप में यहीं से ख्याति अर्जित की। 1998 से लगातार दिल्ली में बना हुआ हूं। 15 साल से दिल्ली का मतदाता हूं। कला के माध्यम से भी दिल्ली के लोगों के लिए काम किया।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भी भाजपा के लिए चुनाव प्रचार किया था। अगर मैं बाहरी हूं तो रायबरेली से लड़ने वाली कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और अमेठी से चुनाव लड़ने वाले राहुल गांधी को क्या कहा जायेगा। यह सब मुद्दों को भटकाने की कोशिश है।
देश में नरेंद्र मोदी लहरः मनोज तिवारी
Updated : 2014-04-06T05:30:00+05:30
Next Story
© 2017 - 2018 Copyright . All Rights reserved.
Designed by Hocalwire