इंडिया ओपन बैडमिंटन के क्वार्टर फाइनल में हारीं सायना

नई दिल्ली | भारत की अग्रणी महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल 250,000 डॉलर इनामी इंडिया ओपन सुपर सीरीज टूर्नामेंट के एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में हार गईं। सायना की हार के साथ महिला एकल वर्ग में भारत की चुनौती समाप्त हो गई। अब सिर्फ पुरुष एकल में पारूपल्ली कश्यप की चुनौती बरकरार है।
सिटी फोर्ट खेल परिसर में खेले गए अंतिम-8 दौर के मुकाबले में टूर्नामेंट की आठवीं वरीय खिलाड़ी को चीन की यिहान वांग ने 21-16, 21-14 से हराया। यह मैच 38 मिनट चला।
विश्व की दूसरी और टूर्नामेंट की तीसरी वरीय खिलाड़ी वांग और सायना के बीच यह नौवीं भिड़ंत थी। आठ बार वांग विजयी रहीं हैं जबकि सायना ने एक मैच जीता है।
इस साल स्विस ओपन में वांग ने सायना को हराया था। सायना 2012 के लंदन ओलम्पिक के सेमीफाइनल में वांग से ही हारी थीं।
पुरुष एकल में शुक्रवार को ही कश्यप क्वार्टर फाइनल में विश्व के सर्वोच्च वरीय मलेशियाई खिलाड़ी ली चोंग वेई से भिड़ेंगे।

Next Story