इस समय देश में कांग्रेस हैं विरोधी लहर : उद्धव ठाकरे

मुंबई | शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपने मुखपत्र सामना के जरिये कांग्रेस पर निशाना साधा है। सामना के संपादकीय में उद्धव ठाकरे ने लिखा है कि देश में कांग्रेस विरोधी हवा चल रही है और लोकसभा चुनाव जीतने का कांग्रेस सपना पूरा नहीं हो पाएगा।
उद्धव ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राहुल ने ये बयान दिया है कि इस बार कांग्रेस 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी, पर अनुमानों की बात करें तो उन्हें इस लोकसभा चुनाव में 100 सीटें भी मिलना मुश्किल है।
उन्होंने कहा ‘‘यह अत्यंत हास्यास्पद है कि जिस कांग्रेस को प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं वह 200 से अधिक सीटें जीतने का दावा कर रही है। देश में कांग्रेस विरोधी लहर है और कोई भी कांग्रेस का टिकट नहीं चाह रहा है।’’
आगामी लोकसभा चुनावों में राजग के 275 से अधिक सीटें जीतने का भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा ‘‘चुनाव जीतने का राहुल का सपना छेद वाले गुब्बारे में हवा भरने जैसा है। (भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार)नरेंद्र मोदी की अगुवाई में राजग आगामी चुनावों में 275 से अधिक सीटें जीतेगा।’’ उद्धव ने कहा ‘‘जब राहुल गांधी ने कहा कि संप्रग 200 से अधिक सीटें जीतेगा तो हर कोई हतप्रभ रह गया। उनके बयान से उनकी मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी आश्चर्य हुआ होगा।’’ ‘आप’ नेता अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि चुनावों के बाद आम आदमी पार्टी ‘गायब’ हो जाएगी।