पुरानी रंजिश पर कुल्हाड़ी से की थी हत्या

24 घंटे में पर्दाफाश, हत्यारे आपस में सगे भाई

गुना । जिले के चाचौड़ा थानातंर्गत हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है। इस मामले में पुिलस ने दो सगे भाईयों को पकड़ा है। जिन्होने पुरानी रंजिश के चलते उक्त व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हत्या कर लाश सड़क किनारे फेंक दी थी। पुलिस ने आरोपियों से कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।
सड़क किनारे मिली थी लाश
पुलिस के अनुसार हरिपुरा गांव निवासी जसवंत पुत्र नाथूलाल अहिरवार का लहुलुहान शव मिला कोटरा एवं नित्याखेड़ी के बीच सड़क किनारे मिला था। उसकी गर्दन पर कई गंभीर व धारदार हथियार के निशान होने से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच में लिया था। इसके साथ ही पुलिस कप्तान ने चांचौड़ा थाना प्रभारी को टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
इस पर एसआई काशीराम कुशवाह व विष्णु पटेल पुलिस बल के साथ गांव पहुंची, जहां प्रारंभिक जांच में मालूम हुआ कि मृतक व परिजनों ने गांव के एक केवट परिवार से आपसी विवाद में तीन साल पहले मारपीट की थी। इसके बाद मृतक गांव से बाहर भीलवाड़ा राजस्थान में मजदूरी करने चला गया था।
पुलिस छानबीन में पता चला कि घटना की शाम मृतक व आरोपियों को एक साथ मोटरसाईकिल पर कोटरा के ढाबे पर देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उन्होंने पुरानी रंजिश पर जसवंत की हत्या करना कबूल कर लिया। साथ ही घर के पीछे छिपाई कुल्हाड़ी भी बरामद करा दी।
ऐसे दिया हत्या को अंजाम
पुलिस ने बताया कि जसवंत कुछ दिन पहले ही गांव हरिपुरा आया था। दो नवंबर की शाम पांच बजे आरोपी मुकेश केवट उम्र 20 साल और बड़ा भाई सुरेश केवट उम्र 30 साल पूर्व योजना के तहत जसवंत को मोटरसाईकिल से ग्राम कोटरा बाजार के बहाने लेकर आए, जहां तीनों ने साथ में शराब पी। इसके बाद रात में वापस घर लौटते समय जसवंत का दोनों आरोपियों से रास्ते में विवाद होने लगा। इस पर सुरेश केवट ने पुरानी रंजिश पर जसवंत की गर्दन पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों आरोपी मृतक की मोटरसाईकिल सड़क किनारे फेंककर भाग निकले।

Next Story