आलोट नगर परिषद अध्यक्ष ने भेजा अरुण यादव को मानहानि का नोटिस

भोपाल। रतलाम की आलोट नगर परिषद के अध्यक्ष ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव को मानहानि का नोटिस भेजा है। उन्होंने यादव को भेजे नोटिस में सात दिन के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रतलाम जिले की आलोट नगर परिषद के मौजूदा अध्यक्ष रामप्रसाद राठौर मुनीम कांग्रेस नेता हैं, लेकिन वे पिछले दिनों अपने क्षेत्र में हुई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यादव की सभा में उनके द्वारा की गई टिप्पणी से बेहद खफा हैं। यादव ने सभा में नगर परिषद को भ्रष्ट कह दिया था।
मुनीम का कहना है कि यादव को यही नहीं पता कि नगर परिषद में किस पार्टी का अध्यक्ष है।
मुनीम ने अपने वकील दिलीप सिंह राठौर के माध्यम से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यादव को नोटिस भेजा है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता केके मिश्रा ने बताया कि अभी ऐसा कोई नोटिस प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को मिलने की जानकारी नहीं है, लेकिन जिस माध्यम से नोटिस भेजा गया है, उसी माध्यम से उसका जवाब दिया जाएगा।
गौरतलब है कि रामप्रसाद, पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू के समर्थक हैं। उन्होंने यादव की टिप्पणी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पार्टी छोडऩे के लिए इस्तीफा भेजा है। 

Next Story