दिल्ली रेप: बच्ची के साथ दुष्कर्म के खिलाफ प्रदर्शन
![दिल्ली रेप: बच्ची के साथ दुष्कर्म के खिलाफ प्रदर्शन दिल्ली रेप: बच्ची के साथ दुष्कर्म के खिलाफ प्रदर्शन](https://www.swadeshnews.in/h-upload/old_feeds/113236-S2r8D5aXCXfKrZ5DdANlG2YNG8q9Egzj.jpg)
नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी में पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म व बर्बरता की घटना प्रकाश में आने के बाद से लगातार विरोध-प्रदर्शन जारी है। विरोध-प्रदर्शन के दूसरे दिन प्रदर्शनकारी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर पहुंचे और ‘गुड़िया’ को इंसाफ दिलाने के लिए प्रदर्शन किया।
10 जनपथ पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने वहां सुरक्षा घेरा तोड़ दिया। प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया। वही भाजपा की महिला कार्यकर्ताएं भी सोनिया गांधी के घर के बाहर धरने पर बैठ गईं। हालांकि पुलिस ने इनको रोकने की कोशिश की पर वे नाकामयाब रही। पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारी पुलिस आयुक्त नीरज कुमार को बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले में बच्ची के पिता द्वारा उसकी गुमशुदगी की शिकायत किए जाने के बाद भी जांच में देरी करने वाले दो पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग की है।पुलिस अब तक इस मामले में दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर चुकी है। प्रदर्शनकारियों में अधिकतर अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (एएपी) के सदस्य शामिल हैं।पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए नाकेबंदी कर रखी है, लेकिन प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के बाहर भी प्रदर्शन हो रहा है, जहां बच्ची का इलाज चल रहा है।