आम जन से जुड़े होते हैं भाजपा के कार्यक्रम: तोमर

ग्वालियर | भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस 6 अप्रैल को विकास पर्व के रूप में मनाया जाएगा। विकास पर्व पर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक नगर एवं ग्राम केन्द्र पर जनता के बीच यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती और 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती भी आयोजित की जाएगी।
इस प्रकार के कुछ कार्यक्रमों की घोषणा सोमवार को पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने होटल शेल्टर में आयोजित बैठक में की। बैठक में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, अरविंद कोठेकर, प्रदीप जोशी, नारायण सिंह कुशवाह, समीक्षा गुप्ता, अशोक दांतरे, भारत सिंह कुशवाह मंच पर उपस्थित थे। बैठक को सम्बोधित करते हुए श्री तोमर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रम संगठनात्मक होने के साथ ही जनता से जुड़े हुए होते हैं। पार्टी ने मंडल की सशक्त संरचना के साथ ही अब ग्राम केन्द्र और नगर केन्द्र पर ध्यान केन्द्रित किया है। ग्राम और नगर केन्द्र जितना सशक्त होगा पार्टी को उतना अधिक महत्व मतदान केन्द्र पर मिलेगा। बैठक को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रशिक्षण वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अरविंद कोठेकर ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने ग्राम केंद्र, नगर केंद्र, पालक एवं संयोजकों का संभागीय सम्मेलन 10 अपै्रल को शिवपुरी में आयोजित किए जाने तथा 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ताओं का महाकुंभ आयोजित किए जाने की जानकारी दी। बैठक को संबोधित करते हुए संभागीय संगठन मंत्री प्रदीप जोशी ने कहा कि भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अपै्रल को कार्यकर्ता अपने-अपने निवास पर पार्टी का ध्वज फहराने, जनसभाएं, नुक्कड़ सभाएं, रैली जुलूस एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन करने के साथ निश्चित दिनों और समय पर प्रभातफेरी, मोटर साईकिल रैली का आयोजन कर युवकों को साथ लें, वरिष्ठजन को सम्मानित करें। बैठक का संचालन कमल माखीजानी ने एवं आभार श्याम सिंह सेंगर ने व्यक्त किया। बैठक में मुख्य रूप से भाजपा ग्वालियर महानगर एवं ग्वालियर ग्रामीण के सभी जिला पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष, मण्डल महामंत्री, विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, शासकीय निगमों एवं मण्डलों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा स्थापना दिवस कायक्रम के सभी वार्डों के प्रभारी उपस्थित थे।