आतंक और अराजकता की राजधानी बनी दिल्ली : भाजपा

नई दिल्ली। राजधानी में होली के एक दिन पहले हुई एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं ने दिल्ली को दहला कर रख दिया है। जहां एक तरफ इन घटनाओं के बाद दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगने लगे हैं वहीं राजनीतिक दलों ने भी इसकी आलोचना की है।
भारतीय जनता पार्टी ने बसपा नेता दीपक भारद्वाज की राष्ट्रीय राजधानी में हुई हत्या की निंदा की और कहा कि इस घटना से दिल्ली और केन्द्र सरकार की असफलता उजागर हुई है।
पार्टी प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने कहा, ‘‘दिल्ली आज एक बार फिर बड़े अपराध से दहल उठी। इससे साफ है कि दिल्ली प्रदेश और केन्द्र दोनों सरकार पूरी तरह असफल हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी ‘‘आतंक और अराजकता की राजधानी’’ बन गई है। गौरतलब है कि भारद्वाज की उनके फार्महाउस में कुछ अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। भारद्वाज 2009 के लोकसभा चुनाव में बसपा के उम्मीदवार थे। इसके अलावा पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डोमा मेट्रो स्टेशन पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को गोली मार कर हत्या कर दी और उसके पिता को घायल कर दिया।