वाशिंगटन | अमेरिकी कांग्रेस के उच्च सदन सीनेट ने देश के रक्षा मंत्री के रूप में राष्ट्रपति बराक ओबामा की पसंद रह चुके हेगेल को मंजूरी दे दी है। हालांकि हेगेल के भारत के संबंध में एक पूर्ववर्ती बयान को लेकर विवाद पैदा हो गया है, जिसमें उन्होंने भारत पर पाकिस्तान में समस्या पैदा करने का आरोप लगाया।
इससे पहले सीनेट ने रिपब्लिकन सीनेटर हेगेल के नाम को रक्षा मंत्री के रूप में नामंजूर कर ओबामा को झटका दिया था। अंतत: सीनेट ने रक्षा मंत्री के रूप में हेगेल के नाम को 58-41 वोट से मंजूरी दी। अधिकतर रिपब्लिकन सदस्यों ने उनके नाम पर आपत्ति होने के बावजूद उनके पक्ष में वोट दिया।
हेगेल (66) ने वियतनाम युद्ध के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह अमेरिकी रक्षा कार्यालय पेंटागन में लियोन पेनेटा का स्थान लेंगे। हेगेल बुधवार को रक्षा मंत्री के पद की शपथ ले सकते हैं।
सीनेट से हेगेल के नाम की पुष्टि उनके वर्ष 2011 के अप्रकाशित भाषण के उजागर होने के एक दिन बाद हुई है। इसमें उन्होंने कहा था कि भारत ने अफगानिस्तान की सीमा से पाकिस्तान में कई वर्षो तक समस्याएं पैदा की। हेगेल ने यह भाषण अमेरिकी राज्य ओकलाहोमा की कैमरन यूनिवर्सिटी में अफगानिस्तान पर चर्चा के दौरान दिया था। उन्होंने यह भी कहा था कि भारत ने कई बार अफगानिस्तान को दूसरे मोर्चे के तौर पर इस्तेमाल किया।
हेगेल के भाषण को लेकर पैदा हुए विवाद के बाद अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास ने उनके बयान को निराधार व वास्तविकता से परे बताया। दूतावास के प्रवक्ता ने 'वाशिंगटन फ्री बीकॉन' को भेजे ईमेल में कहा, "सीनेटर हेगेल लंबे समय से भारत के मित्र और भारत-अमेरिका के घनिष्ठ संबंधों के पैरोकार रहे हैं। उनकी ओर से जो बयान दिए जाने की बात कही जा रही है, वह अफगानिस्तान के लोगों के कल्याण के लिए भारत की प्रतिबद्धता के बिल्कुल उलट है।"
हेगेल होंगे अमेरिका के रक्षा मंत्री, सीनेट ने दी मंजूरी
Updated : 2013-02-27T05:30:00+05:30
Next Story
© 2017 - 2018 Copyright . All Rights reserved.
Designed by Hocalwire