दिल्ली गैंगरेप केस में आज तय होंगे आरोप
X
नई दिल्ली l दिल्ली गैंगरेप की घटना के सम्बंध में फास्ट ट्रैक कोर्ट आज पांच आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर सकती है। रेप की शिकार 23 वर्षीय युवती ने 13 दिनों तक जिंदगी से संघर्ष करने के बाद सिंगापुर के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया था। आरोपियों के वकीलों और अभियोजन पक्ष ने इस मामले के छह आरोपियों में से पांच के खिलाफ आरोपों पर अपनी बहसें पूरी कर ली है। बाल न्याय बोर्ड ने पिछले सप्ताह छठे आरोपी को अवयस्क घोषित कर दिया था और उसके मामले की सुनवाई अब बोर्ड करेगा। ये सभी आरोपी इस समय दिल्ली के तिहाड़ जेल में हैं।
मामले की सुनवाई 21 जनवरी को शुरू हुई थी। फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन इसी मामले की सुनवाई के लिए किया गया था। आरोपियों को दुष्कर्म की घटना के 18 दिनों बाद साकेत अदालत द्वारा औपचारिक रूप से आरोपित किया गया था। हजार पृष्ठों के इस आरोप पत्र में पीड़िता के बयान, आरोपियों के विवरण, सबूत और फोरेंसिक रिपोर्टें शामिल हैं।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की 13 धाराओं के तहत आरोपित किया है। सभी आरोपियों को घटना के बाद 17 से 21 दिसम्बर के बीच गिरफ्तार कर लिया गया था। इस घटना को लेकर देशभर में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी। कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हुए थे। दिल्ली में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुईं थीं।