आंध्र में बारिश की आफत जारी, मुख्यमंत्री आज करेंगे हवाई दौरा

आंध्र में बारिश की आफत जारी, मुख्यमंत्री आज करेंगे हवाई दौरा
X

नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ से वहां की स्थिति बेहद खराब होती जा रही है। इस हादसे मरने वालों की संख्या 42 हो चुकी है। जबकि करीब एक लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। वहीं राज्य मुख्‍यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी आज प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और बचाव एवं राहत अभियान की समीक्षा करेंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रेड्डी के गुंटूर और प्रकसम जिलों के प्रभावित जिलों का दौरा करने की भी संभावना जतायी जा रही है। अब तक प्रशासनिक अधिकारियों ने बीते कुछ दिनों में 235 राहत शिविर स्थापित करने के साथ ही 96,506 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।
आंध्र प्रदेश के आपदा प्रबंधन आयुक्त टी.राधा ने यहां बताया कि राज्य में पिछले कुछ दिनों से वर्षा जारी रहने और बाढ़ के चलते प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार करीब 1,868 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इसके अलावा दीवार गिरने जैसी वर्षा जनित विभिन्न घटनाओं में 42 लोगों की मौत हुई है जबकि कुछ व्यक्ति लापता हैं। भारी वर्षा से 7.99 लाख हेक्टेयर में खड़ी फसल डूब गई, 1668 मवेशी मर गए तथा 21860 मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं।





Next Story