Home > राज्य > उत्तर प्रदेश : 73 प्लस लक्ष्य के साथ बन रही 2019 फतह की योजना

उत्तर प्रदेश : 73 प्लस लक्ष्य के साथ बन रही 2019 फतह की योजना

उत्तर प्रदेश : 73 प्लस लक्ष्य के साथ बन रही 2019 फतह की योजना
X

मेरठ। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक शनिवार से शुरू हो गई। पहले सत्र में गॉडविन होटल में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई। जिसमें अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के यूपी मिशन 73 प्लस को फतह करने पर विचार हुआ। इसी तरह से उद्घाटन सत्र से लेकर रात्रि अंतिम सत्र तक पार्टी पदाधिकारियों को मिशन फतह करने के तरीके बताए जाते रहे।

प्रदेश कार्यसमिति बैठक के पहले सत्र में प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. महेंद्र नाथ पांडेय और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने पार्टी पदाधिकारियों को आपसी मतभेद भुलाकर 2019 के लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुटने के लिए कहा गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2019 का चुनाव सीधे तौर पर देश को बचाने का चुनाव होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीयत और नीति को लेकर पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाए और बूथों को मजबूत करें। पार्टी कार्यकर्ताओं को दी नसीहत उद्घाटन सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पदों को लेकर लड़ने-झगड़ने वाले कार्यकर्ताओं को दार्शनिक अंदाज में संयम बरतने की हिदायत दी। राजनाथ ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद का उदाहरण देते हुए कार्यकर्ताओं को कार्य में जुटने को कहा। उन्होंने कहा कि सब कुछ ईश्वर की मर्जी से होता है।

सामूहिक सह भोज का आयोजन किया

बैठक में विभिन्न सत्रों के बाद पार्टी पदाधिकारियों के लिए सहभोज का आयोजन किया गया। प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने बताया कि सामाजिक समरसता भाजपा का मूलमंत्र है। इसलिए रात्रि में 350 स्थानीय कार्यकर्ताओं के घर से आया भोजन सभी ने मिलकर किया। इसके लिए 175 टेबल लगाई गई। एक टेबल पर दो स्थानीय और चार बाहरी क्षेत्र के कार्यकर्ता बैठे। इसमें प्रत्येक टेबल पर एक वीआईपी नेता आवश्यक रूप से बिठाए गए, जिससे कार्यकर्ताओं के लिए समरसता दिखाई दें।

फिल्म दिखाकर जगाई प्रेरणा

रात्रि के सत्र में भाजपा नेताओं ने बैठक में आए पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों को 'चलो जीते है' नामक की फिल्म दिखाई गई। इस फिल्म के जरिए पार्टी नेताओं में 2019 के चुनावों को लेकर सबकुछ भुलाते हुए जी-जान से जुटने को प्रेरित किया गया।

रविवार को अमित शाह देंगे टिप्स

रविवार को कार्यसमिति बैठक के अंतिम दिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पार्टी पदाधिकारियों को संगठन मजबूती के टिप्स देंगे। अमित शाह समापन सत्र के बाद होटल ब्रावरा में पार्टी के सांसद और विधायकों की बैठक लेकर 2019 के चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण मंत्रणा करेंगे और पार्टी नेतृत्व की मंशा से उन्हें अवगत कराएंगे।

Updated : 11 Aug 2018 9:56 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top