Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > देश व प्रदेश के विकास कार्यों की जनता साक्षी : केशव मौर्य

देश व प्रदेश के विकास कार्यों की जनता साक्षी : केशव मौर्य

भाजपा सरकार बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका

देश व प्रदेश के विकास कार्यों की जनता साक्षी : केशव मौर्य
X

प्रयागराज। युवाओं ने केन्द्र एवं प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और एक बार फिर केन्द्र में भाजपा सरकार बनाने में युवा वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। देश एवं प्रदेश की जनता साक्षी है कि जितना विकास कार्य भाजपा सरकार ने किया है, उतना कार्य कोई भी पूर्ववर्ती सरकार नहीं कर सकी।

यह बातें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को भाजपा द्वारा सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित युवा सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का चतुर्मुखी एवं तीव्र गति से विकास है, जिसमें किसी भी क्षेत्र की अनदेखी नहीं हुई है। कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा को विजय प्राप्त होगी और अबकी बार 73 पार और फिर एक बार मोदी सरकार बनना तय है। देश का साठ प्रतिशत मतदाता मोदी जी के साथ खड़ा है। देश की आमजनता को जो लाभ पिछले पैंसठ सालों में नहीं मिला उसे मोदी सरकार ने पिछले पांच साल में उपलब्ध कराया है।

उन्होंने कहा कि यह भारत के भविष्य से जुड़ा चुनाव है जिसमें पुनः मोदी सरकार बनते ही देश एक बार फिर द्रुतगति से विकास के पथ पर अग्रसर होगा और विश्व की महाशक्ति बनेगा। उन्होंने विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश के सभी नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर काम किया है। कहा कि हमारे 56 इंच के सीने वाले प्रधानमंत्री ने जब आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दिया और पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों के प्रशिक्षण केन्द्र तबाह किये तो विपक्षियों की छाती में दर्द उठ गया। आतंकवादियों से कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों आखिर क्यों सहानुभूति है ? भाजपा सरकार आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और भविष्य में भी गोली का जवाब गोले से दिया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से मेहनत करने आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा किसी एक परिवार की पार्टी नहीं है बल्कि कार्यकर्ताओं की पार्टी है और श्रम करने वाले कार्यकर्ताओं को निश्चित ही बड़ी जिम्मेदारी भविष्य में मिलेगी। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा भविष्य में कांग्रेस की बैशाखी बनने के लिए चुनाव लड़ रही हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर भाजयुमो अध्यक्ष विनय मिश्रा एवं संचालन गंगापार युवा मोर्चा अध्यक्ष अनिरुद्ध मिश्रा ने किया। इस अवसर पर राघवेंद्र मिश्रा, नरेंद्र देव पांडे, जनार्दन मिश्रा, विभूति नारायण सिंह, पूर्व विधायक दीपक पटेल, कुशाग्र श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Updated : 14 April 2019 6:00 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top