Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > राज्यपाल ने फिरोजाबाद में कांच कारखाने का किया निरीक्षण

राज्यपाल ने फिरोजाबाद में कांच कारखाने का किया निरीक्षण

राज्यपाल ने फिरोजाबाद में कांच कारखाने का किया निरीक्षण
X

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शुक्रवार की शाम सड़क मार्ग से फिरोजाबाद पहुंचीं और कस्बा मक्खनपुर स्थित कांच के कारखाने का निरीक्षण किया। राज्यपाल के सड़क मार्ग से आने के कारण एनएच-2 के साथ ही शहर में कड़ी सुरक्षा एवं पुलिस की चुस्त-दुरूस्त व्यवस्था दिखाई दी।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल महामहिम आनंदीबेन पटेल ने फिरोजाबाद जनपद के मक्खनपुर स्थित सन ग्लास वर्क्स में कांच उत्पादकों तथा कांच की चूड़ियां बनाने की प्रक्रिया देखी और उन्होंने श्रमिकों की कार्य कुशलता की सराहना की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चन्द्र विजय सिंह, पुलिस अधीक्षक सचिन्द्र पटेल, प्रमुख उद्योगपति देवीचरन अग्रवाल, रामकिशोर गुप्ता, हेमन्त अग्रवाल और धर्मेन्द्र गुप्ता व आला अधिकारी भी मौजूद रहे।

राज्यपाल शुक्रवार की रात्रि में निरीक्षण भवन में विश्राम करेंगी। उसके बाद शनिवार को ग्राम ऊधनी में परिषदीय स्कूल का निरीक्षण करने के साथ ही एक ग्राम चौपाल में भी शामिल होंगी। राज्यपाल अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक भी करेंगी जिसमें केन्द्रीय विकास योजनाओं की समीक्षा की जायेगी। कार्यक्रम के अनुसार महामहिम पुलिस थानों का भी निरीक्षण करेंगी। साथ ही स्वयंसेवी संगठनों के साथ बैठक में भाग लेकर उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगी। चर्चा के उपरान्त वह दोपहर बाद लखनऊ के लिये प्रस्थान करेंगी।

Updated : 11 Oct 2019 3:11 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top