Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > चिन्मयानंद केस : कांग्रेस की न्याय यात्रा को प्रशासन ने नहीं दी अनुमति, जितिन प्रसाद समेत कई नेता गिरफ्तार

चिन्मयानंद केस : कांग्रेस की न्याय यात्रा को प्रशासन ने नहीं दी अनुमति, जितिन प्रसाद समेत कई नेता गिरफ्तार

चिन्मयानंद केस : कांग्रेस की न्याय यात्रा को प्रशासन ने नहीं दी अनुमति, जितिन प्रसाद समेत कई नेता गिरफ्तार
X

शाहजहांपुर। चिन्मयानंद केस में एलएलएम छात्रा के पक्ष में आज यानी सोमवार से न्याय यात्रा निकालने जा रही कांग्रेस के सामने विकट स्थितियां खड़ी हो गई है, क्योंकि प्रशासन ने न्याय यात्रा निकालने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। न्याय यात्रा की अनुमति न दिए जाने के बाद भी कांग्रेसियों के रुख को देखते हुए जिला प्रशासन ने जबरदस्त मोर्चाबंदी की है। न्याय यात्रा पर अड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं को देखते हुए शाहजहांपुर में पुलिस की जबरदस्त तैनाती की गई है। स्वामी चिन्मयानंद केस न्याय यात्रा निकालने पर अड़े पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जितिन प्रसाद को उनकी कोठी पर नजरबंद कर दिया गया। साथ ही चिन्मयानंद केस में न्याय यात्रा निकालने के लिए आए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रभारी अजय कुमार लल्लू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन्हें और अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन में रखा गया है। कांग्रेस की न्याय यात्रा को देखते हुए शाहजहांपुर में टाउन हॉल स्थित कांग्रेस दफ्तर के चारों तरफ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। कई थाने की फोर्स तैनात की गई है। साथ ही पीएसी को भी लगाया गया है। महिला पुलिस बल की भी खासी संख्या में तैनाती हुई है।

-चिन्मयानंद केस में छात्रा के समर्थन में पदयात्रा निकालने की कोशिश करने से पहले ही जितिन प्रसाद को उनके आवास पर शाहजहांपुर में नजरबंद कर दिया गया था, इसके बाद जितिन प्रसाद ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के साथ नजरबंदी तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उनके प्रयास को सफल नहीं होने दिया। इस बीच आईंं मजिस्ट्रेट विनीता सिंह ने जितिन प्रसाद और उनके साथ मौजूद कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने की घोषणा कर दी। हालांकि उन्हें अभी उनके आवास पर ही रखा गया है।

-लखनऊ से शाहजहांपुर जा रहे कांग्रेस के नेताओं को बेहटा गोकुल थाने के पास पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फिर पुलिस लाइन ले गए। इस दौरान कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। चिन्मयानंद केस में न्याय यात्रा न निकालने देने का आरोप लगाया। सुष्मिता देव पूर्व सांसद व आसाम महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष, आराधना मिश्रा मोना विधायक रामपुर खास वर्तमान, ममता चौधरी पार्षद लखनऊ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष, निवर्तमान जिलाध्यक्ष डॉक्टर राजीव सिंह लोध, प्रदेश नेता विक्रम पांडेय सोमवार सुबह शाहजहांपुर जा रहे थे। हरदोई शाहजहांपुर हाईवे पर रास्ते मे घेराबंदी पर पुलिस ने सभी को रोक लिया। धारा 144 का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।

-कांग्रेस कार्यकर्ता लॉ स्टूेंडट के पक्ष में न्याय यात्रा निकालने पर अमादा हैं। हालांकि, प्रशासन ने इसकी मंजूरी नहीं दी है। इसे देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता धरना दे रहे हैं। पुलिस अब धरना दे रहे लोगों को गिरफ्तार कर रही है।

-कांग्रेस दफ्तर के बाहर धरना दे रहे कार्यकर्ताओं व नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार करना शुरू कर दिया है। विरोध कर रहे लोगों को घसीट कर ले जाया जा रहा है।

-चिन्मयानंद केस न्याय यात्रा निकालने पर अड़े पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जितिन प्रसाद को उनकी कोठी पर नजरबंद कर दिया गया। इसके बाद वहां मौजूद कांग्रेसी जिला अध्यक्ष कौशल मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार जिला प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

-कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए शाहजहांपुर आए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पुलिस लाइन में बनाई गई अस्थाई जेल में रखा है।

-न्याय यात्रा की अनुमति न दिए जाने के बाद भी कांग्रेसियों के रुख को देखते हुए जिला प्रशासन ने जबरदस्त मोर्चाबंदी की है।

-कांग्रेस की न्याय यात्रा को जिला प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है, इसके बाद भी कांग्रेस न्याय यात्रा निकालने पर अड़ी हुई है। इसी के मद्देनजर कांग्रेस के दिग्गज लीडर व पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को शाहजहांपुर में इंदिरा नगर स्थित उनकी कोठी के अंदर नजरबंद कर दिया गया है। बड़ी संख्या में बाहर फोर्स लगा दी गई है।

Updated : 30 Sep 2019 8:34 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top