Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > प्रियंका बनीं उत्तर प्रदेश की प्रभारी, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर

प्रियंका बनीं उत्तर प्रदेश की प्रभारी, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर

प्रियंका बनीं उत्तर प्रदेश की प्रभारी, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर
X

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अब पूरा यूपी देखेंगी। पूरे प्रदेश का प्रभारी महासचिव बनाये जाने से प्रदेश कांग्रेस में जबरदस्त उत्साह की लहर है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक प्रभारी महासचिव होने से फैसले लेने में अनावश्यक देरी नहीं होगी। संगठन को मजबूती मिलेगी।

तकरीबन छह माह पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय महासचिव बनाने के साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी थी। प्रियंका गांधी के साथ पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई थी। कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद पार्टी पुनर्गठन की प्रक्रिया चल रही है। सिधिंया ने भी बीते दिनों इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, नया राष्ट्रीय अध्यक्ष तय होने के बाद प्रदेशों में बदलाव होगा। इसी को देखते हुए फिलहाल प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की भी जिम्मेदारी दी गई है।

उधर, प्रियंका गांधी को पूरे प्रदेश की जिम्मेदारी दिये जाने की खबर आते ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी नेता एक-दूसरे को बधाई देते दिखे। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ब्रजेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव पार्टी संगठन को मजबूती देने में लगी हैं। एक ओर विधानसभा की एक दर्जन सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारी के लिए दो-दो नेताओं की प्रभारी बना कर क्षेत्रों में भेज दिया गया है तो दूसरी ओर, जिलों में संगठन में बदलाव को लेकर बैठकें हो रही हैं। अनुशासन समिति लोकसभा चुनाव में भीतरघात की शिकायतों पर अपनी जांच रिपोर्ट को अंतिम रूप दे रही है। खुद प्रियंका गांधी सब कामों की निगरानी कर रही हैं। ऐसे में, फैसले जल्दी लिये जा सकेंगे।

प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कि इससे संगठन को मजबूती देने के काम को गति मिलेगी। पश्चिमी यूपी के लोग इस बारे में शिकायत करते थे कि प्रियंका जी को वहां का प्रभार न देकर उन लोगों के साथ भेदभाव किया गया है। अब उनके पूरा प्रदेश देखने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है।

Updated : 14 July 2019 5:11 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top