Home > Lead Story > भारत का सम्मान नहीं करते हों, वो लोग वोट पाने लायक नहीं : योगी

भारत का सम्मान नहीं करते हों, वो लोग वोट पाने लायक नहीं : योगी

भारत का सम्मान नहीं करते हों, वो लोग वोट पाने लायक नहीं : योगी
X

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बसपा सुप्रीमो मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उन लोगों के लिए चुनाव प्रचार कर रही हैं, जो लोग बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का अपमान करते थे। योगी ने बिजनौर में एक चुनावी जनसभा में कहा, ''आप देख सकते हैं कि राजनीति किस स्तर पर चली गई है। जो लोग बाबा साहेब का अपमान करते थे, आज उसके लिए मायावती चुनाव प्रचार कर रही हैं। जो लोग भारत का सम्मान नहीं करते हों, वो लोग वोट पाने लायक नहीं हैं।''

उल्लेखनीय है कि मायावती ने आज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ रामपुर लोकसभा सीट से गठबंधन प्रत्याशी आजम खां (सपा) के समर्थन में संयुक्त रैली की। योगी ने कहा कि पहले गरीबों को मकान देने की बात होती थी तो सपा-बसपा की सरकार कहती थी कि पैसा नहीं है। इनके राज में किसान बदहाल था, भुखमरी का आलम था, जो भी पैसा था वो भ्रष्टाचार में खत्म हो जाता था।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंदर दो करोड़ 60 लाख लोगों को 'स्वच्छ भारत अभियान' के तहत शौचालय दिये गये। तीन करोड़ 55 लाख लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराए गए। योगी ने कहा, ''मोदी जी ने विकास कार्य के लिए किसी की जाति नहीं देखी। धर्म के आधार पर विकास नहीं किया, सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर काम किया गया।''

मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना किसानों के मूल्य का भुगतान किया गया। सरकार बनाने के समय 64 हजार करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य बकाया था। छह साल से गन्ना किसानों को पैसा नहीं मिला था। हमारी सरकार ने इसका भुगतान किया। योगी ने फर्रूखाबाद और औरैया में भी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ''सरकार बनाने के लिए 272 सीट चाहिए, लेकिन सपा-बसपा सिर्फ 38-37 सीटों पर लड़ रही हैं तो क्या ये सरकार बना पाएंगी। इसलिए भाजपा को वोट करना है।''

उन्होंने कहा, ''मैं अभी देश में कई जगहों पर गया। पूरे देश के अंदर हरेक नागरिक चाहे वो किसी भी जाति-धर्म का हो, वो सिर्फ मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने की बात करता है।'' योगी ने कहा कि आतंकवाद, नक्सलवाद के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' पर काम करने वाली पार्टी भारतीय जनता पार्टी है। दूसरी तरफ देश की सुरक्षा के साथ समझौता करने वाली पार्टी है।" उन्होंने कहा कि एक तरफ गुंडों, अपराधियों की और देश के महापुरुषों का अपमान करने वाली पार्टियां हैं और दूसरी तरफ देश को मान-सम्मान और प्रतिष्ठा देने वाली पार्टी भाजपा है।

Updated : 20 April 2019 5:06 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Amit Senger

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top