Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > मुख्यमंत्री योगी ने प्रस्तुत किया दो साल का रिपोर्ट कार्ड, कहा-बदल दी उप्र की सूरत

मुख्यमंत्री योगी ने प्रस्तुत किया दो साल का रिपोर्ट कार्ड, कहा-बदल दी उप्र की सूरत

मुख्यमंत्री योगी ने प्रस्तुत किया दो साल का रिपोर्ट कार्ड, कहा-बदल दी उप्र की सूरत
X

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंगलवार को अपने कार्यकाल के दो साल पूरे कर लिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कालखंड को बेमिसाल बताया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने मात्र दो साल में न केवल सूबे का चहुंमुखी विकास किया बल्कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ कर उत्तर प्रदेश की सूरत बदल दी।

मुख्यमंत्री योगी अपनी सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर आज भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर मीडिया के सम्मुख अपना रिपोर्ड कार्ड प्रस्तुत कर रहे थे। करीब सवा घंटे के संबोधन में मुख्यमंत्री ने अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाई और कहा, ''हमारी सरकार जनता के प्रति उत्तरदायी है। इसीलिए हमने पहले 100 दिन, फिर छह महीने, उसके बाद एक वर्ष और अब दो वर्ष पूरे होने पर अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर आपके सामने आए हैं।''

योगी ने कहा कि दो साल पहले आज के ही दिन 19 मार्च को जब हमने सूबे की सत्ता संभाली थी, तो उत्तर प्रदेश की पहचान अराजकता और दंगों से थी। राज्य की आर्थिक स्थिति बदहाल थी। किसान आत्महत्या के लिए मजबूर था और नौजवान रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा था। लेकिन, हमें खुशी है कि 24 माह के अंदर ही प्रदेश की तस्वीर बिल्कुल बदल गयी है। एक भी दंगे नहीं हुए।

मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर प्रदेश की स्थिति बदलने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बड़ा योगदान बताया और उनके प्रति इसके लिए आभार भी व्यक्त किया। कहा कि उनके ही मार्गदर्शन ने हमें कार्य करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सुरक्षा के मामले में अब देश में एक नजीर बन गया है। यही वजह है कि यहां पर अब निवेश होने लगे हैं। जो निवेश 10 सालों में नहीं हुआ वह पिछले दो सालों के दौरान हुआ। निवेश की वजह से यहां के नौजवानों को रोजगार मिल रहा है। 15 लाख से अधिक नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराने में हम कामयाब रहे हैं। योगी ने कहा कि हमारी सरकार ने 68 वर्षों के बाद उत्तर प्रदेश स्थापना दिवास मनाना शुरू किया।

योगी ने कहा कि दो साल के अंदर प्रदेश के किसानों की स्थिति भी बदल गयी है। यहां पहले बिचैलिए और आढ़ती सक्रिय थे, लेकिन हमारी सरकार ने उनको खत्म करने का काम किया है। हमारी सरकार ने रिकॉर्ड तोड़ गेहूं व धान खरीदने का काम किया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों का सम्मान किया है। इससे किसानों का जीवन स्तर बढ़ेगा। प्रदेश के दो करोड़ 14 लाख किसान लाभान्वित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर भी हमारी सरकार ने काम किया है। साथ ही सुमंगला योजना महिलाओं को मजबूत करने के लिए चलाई जा रही है। प्रदेश में एक लाख विद्यालयों को कायाकल्प योजना के तहत हमने विद्यालयों के स्तर को बढ़ाया है।

योगी ने दावा किया कि उनके दो साल के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और पयर्टन समेत अन्य क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित हुआ है। लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस से अब तक 78000 गंभीर रोगियों की जान बचाई जा सकी है। प्रदेश के 53 जिलों जहां हॉस्पिटल सुविधा नहीं थी वहा हेल्थ मोबाइल यूनिट खुद मरीज के द्वार पहुंच रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों को भी आड़े हाथों लिया। कहा कि आजादी के बाद सर्वाधिक कालखंड तक कांग्रेस ने यहां शासन किया। उसने इस राज्य को बीमारु बना दिया। इसके बाद सपा और बसपा के शासनकाल में तो प्रदेश में अराजकता का एक दौर शुरू हो गया।

उन्होंने कहा कि पिछले दो साल में प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपराध पर अकुंश लगाने में अपनी अहम भूमिका निभायी है। सपा शासनकाल में हर साल दंगे होते थे पर भाजपा सरकार में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। इन दो साल में 3500 मुठभेड़ हुए। 74 कुख्यात अपराधी मारे गए। आठ हजार से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार हुए। पुलिसिया कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल व्याप्त हुआ। दो साल में एक भी दंगा नहीं हुआ है। महिलाओं में सुरक्षा की भावना आई है। इन दो वर्षों में ऐसिड अटैक की एक भी घटना नहीं हुई। पिछले दो साल में प्रदेश की छवि पूरी तरह से बदली हुई है।

किसानों के लिए किए गए सरकार के कामों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार आते ही प्रदेश के 86 लाख लघु एवं सीमांत किसानों के कर्ज माफ किये गये। किसानों को उनकी फसलों का डेढ़ गुना न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलने लगा है। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 1460 रुपये प्रति कुंतल से बढ़ाकर 1840 रुपये प्रति कुंतल किया गया। सरकार ने बिचैलियों पर लगाम लगाई। आज प्रदेश उन राज्यों में शामिल हो गया है जहां किसानों को 18 घंटे बिजली मिल रही है। प्रदेश सरकार जनता के हित में कई योजनाएं चलायी है। कहा कि इस साल प्रयागराज में कुंभ का अच्छा आयोजन किया है। देश व दुनिया से 24.22 करोड़ लोगों ने संगम में डुबकी लगाई। कुंभ से दुनिया में सुरक्षा व स्वच्छता का अच्छा संदेश गया है। प्रदेश भर में तीन एक्सप्रेस-वे बनाव रहे हैं।

पूर्व में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेंद्र नाथ पाण्डेय ने सरकार के दो साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी और उनकी टीम को बधाई दी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डा0 दिनेश शर्मा के अलावा पार्टी के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Updated : 19 March 2019 9:46 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top