Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > आगरा > प्रधानमंत्री की रैली स्थल का मुख्यमंत्री योगी ने किया निरीक्षण

प्रधानमंत्री की रैली स्थल का मुख्यमंत्री योगी ने किया निरीक्षण

प्रधानमंत्री की रैली स्थल का मुख्यमंत्री योगी ने किया निरीक्षण
X

आगरा। लोकसभा चुनावों में एक बार पुन: भाजपा को केंद्र की सत्ता में बैठाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी देश में रैलियों का शतक बनाने की तैयारी में हैं और इसकी शुरुआत वे गुरुवार को पंजाब से कर चुके हैं और इसी क्रम मे उनकी अगली रैली आगरा में 9 जनवरी को होनी है। प्रधानमंत्री की रैली को लेकर आगरा में चल रही तैयारियों को परखने खुद उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को आगरा पहुंचे और उन्होने प्रस्तावित रैली स्थल पर तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।

रैली स्थल कोठी मीना बाजार मैदान में प्रशासन व स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री ने मैदान के प्रत्येक हिस्से का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए कोई चूक ना हो जाए, इसके लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभास्थल पर सरकारी योजनाओं, घोषणाओं के होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के साथ सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया, विधायकों में जगनप्रसाद गर्ग, जीएस धर्मेश, रामप्रताप, हेमलता दिवाकर, महापौर नवीन जैन, भाजपा महानगर महामंत्री अशोक पिप्पल, हेमंत भोजवानी, अशफाक सैफी, मुरारीलाल फतेहपुरिया आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बताते चलें कि 9 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोठी मीना बाजार के मैदान से करीब डेड से दो लाख की संख्या मे आने वाली जनता को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही तमाम योजनाओं की भी मंच से घोषणा करेंगे।

गंगाजल प्रोजेक्ट की देखी प्रगति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोठी मीना बाजार से सीधे सिकंदरा वाटर वक्र्स पहुंचे। यहां उन्होंने गंगाजल प्रोजेक्ट की प्रगति व जनता को पेयजल कैसे उपलब्ध होगा, इसके बारे में जानकारी प्राप्त की। यहां व करीब आधा घंटे तक रूके।

मुख्यमंत्री के सुरक्षा तंत्र में लग गई सेंध

आगरा पहुंचे मुख्यमंत्री की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे लेकिन, जब मुख्यमंत्री का काफिला कोठी मीना बाजार की ओर बढ़ रहा था, उसी दौरान एक युवक की गाड़ी ने मुख्यमंत्री के सुरक्षा तंत्र को भेद दिया। ये देख अधिकारियों के होश उड़ गए। अधिकारियों ने तुरंत ही आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। युवक का नाम रूपेंद्र निवासी ताजगंज बताया गया है, उसका कहना है कि वह भाजयुमों का सदस्य है और मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी लेना चाहता था।


Updated : 4 Jan 2019 6:27 PM GMT
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top