Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > आगरा > 'शाखा संगम' के बीच उदित हुआ वर्ष प्रतिपदा का 'सूर्य'

'शाखा संगम' के बीच उदित हुआ वर्ष प्रतिपदा का 'सूर्य'

-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, आगरा विभाग ने किया अभिनव प्रयोग, -छह स्थानों पर लगी 319 शाखाएं

आगरा। व्यक्ति निर्माण के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों द्वारा प्रतिदिन शाखा लगायी जाती है। व्यक्ति निर्माण का कार्य व्यवस्थित शाखा से ही संभव है। यही एकमेव मार्ग राष्ट्र के परम वैभव के मार्ग को प्रशस्त करता है और समय-समय पर शाखा को व्यवस्थित करने के प्रयोग संघ के स्वयंसेवकों द्वारा किए जाते हैं। ऐसा ही एक अभिनव प्रयोग वर्ष प्रतिपदा के उपलक्ष्य में रविवार को आगरा विभाग द्वारा 'विशाल शाखा संगम' का आयोजन कर किया गया। कार्यक्रम में एक ही मैदान में विभिन्न शाखाओं के अलग-अलग ध्वज लगा कर शाखा लगायी गई और शाखा संगम का स्वरूप दिया गया।

आगरा विभाग में पहली बार कार्यक्रम 6 स्थानों आगरा महानगर में छावनी, पूर्वी व पश्चिम और जिले में रामबाग, फतेहाबाद व सीकरी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वर्ष प्रतिपदा के अवसर पर वर्ष में एक बार होने वाला आद्य सरसंघचालक प्रणाम भी स्वयंसेवकों द्वारा किया गया। सभी स्थानों के कार्यक्रम में स्वयंसेवक बंधुओं ने सुभाषित, योगाभ्यास, मंत्र सहित सूर्य नमस्कार, चार व्यायाम योग, चार आसन (ताड़ासन, उत्कटासन, वीरभद्र प्रकार, त्रिकोणासन), दंड, नियुद्ध, पदविन्यास, आचार विभाग चार, समता, बौद्धिक कार्यक्रम, परिचय, गणगीत, खेल (आयु के अनुसार) आदि का प्रदर्शन किया गया।

इस प्रकार रहे कार्यक्रम

पश्चिम महानगर

पश्चिम महानगर का कार्यक्रम शास्त्रीपुरम के सुनारी में आयोजित किया गया। पश्चिम महानगर के कार्यक्रम में 70 शाखाएं लगीं। यहां कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिल महाजन व मुख्यवक्ता के रूप में क्षेत्र धर्मजागरण प्रमुख ईश्वरदयाल जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पश्चिम महानगर के संघचालक विजय गोयल, कार्यवाह भारत भूषण, सह कार्यवाह प्रदीप भदौरिया, चै. राजेंद्र सिंह, सुभाष वोहरा आदि उपस्थित रहे।

पूर्वी महानगर

पूर्वी महानगर का कार्यक्रम आगरा काॅलेज मैदान पर आयोजित किया गया। यहां 127 शाखाएं लगीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता डाॅ. संदीप अग्रवाल ने की व मुख्य वक्ता के रूप में सह प्रांत प्रचारक कर्मवीर जी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में कर्मवीर जी ने कहा कि संघ की शाखा हर एक हिन्दू के घर तक पहुंचने का कार्य करेगी। कार्यक्रम में विभाग प्रचारक धर्मेन्द्र जी, महानगर कार्यवाह अरविंद, महानगर प्रचारक सचिन व मार्तण्ड, महानगर प्रचार प्रमुख डाॅ. नरेंद्र सिसोदिया, भाग विद्यार्थी कार्यवाह रोहित आदि की उपस्थिति थी।

छावनी महानगर

छावनी महानगर का कार्यक्रम ताजनगरी फेस-2 के जोनल पार्क में आयोजित हुआ। यहां कुल 49 शाखाएं लगायी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी सतीश चंद्र मांगलिक ने की और मुख्यवक्ता के रूप में प्रांत के विशेष संपर्क प्रमुख अशोक कुलश्रेष्ठ ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। कार्यक्रम में सह विभाग प्रचारक गोविंद जी, महानगर प्रचारक रविकांत जी, छावनी महानगर के संघचालक सुभाष, महानगर कार्यवाह खगेश कुमार, सह कार्यवाह हरेंद्र दुबे, संपर्क प्रमुख मनीष उपाध्याय, हरिओम, प्रचार प्रमुख ललित दक्ष आदि उपस्थित रहे।





Updated : 7 April 2019 4:38 PM GMT
author-thhumb

स्वदेश आगरा

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top