Home > स्वदेश विशेष > असुरक्षित बचपन : तीन साल में 4.4 फीसदी बढ़े यौन अपराध के मामले

असुरक्षित बचपन : तीन साल में 4.4 फीसदी बढ़े यौन अपराध के मामले

असुरक्षित बचपन : तीन साल में 4.4 फीसदी बढ़े यौन अपराध के मामले
X

नई दिल्ली। देश में बच्चों के खिलाफ होने वाले यौन उत्पीड़न के मामले साल दर साल बढ़ते जा रहे हैं। महज तीन साल में इनमें 4.4 फीसदी का इजाफा हुआ है। सरकार का कहना है कि वह मौजूदा कानून को कड़ाई से लागू करने के अलावा मामलों के शीघ्र निपटान के लिए विशेष न्यायालयों की सहायता ले रही है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में बताया कि यौन अपराध से बालकों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम, 2012 के अंतर्गत 2014, 2015 और 2016 के दौरान कुल 1,04,976 मामले दर्ज किए गए। वर्षवार बात करें तो 2014 में 34,449, 2015 में 34,505 और 2016 में 36,022 मामले दर्ज किए गए थे, जो 2014 की तुलना में 2015 में 0.2 प्रतिशत और 2016 में 4.4. प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।

उन्होंने गृह मंत्रालय द्वारा उपलब्ध आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यवार आंकड़ों पर नजर डालें तो तीन साल में उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक कुल 17,504 मामले दर्ज किए गए। इसमें 2014 में 8009, 2015 में 4541 और 2016 में 4954 केस दर्ज हुए। 14,336 केस मामलों के साथ मध्य प्रदेश दूसरे स्थान पर है। यहां क्रमश: 4995, 4624 और 4717 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके बाद तीसरे स्थान पर महाराष्ट्र में कुल 13,557 केस दर्ज किए गए। महाराष्ट्र में क्रमश: 3926, 4816 और 4815 केस दर्ज किए गए। इसके अलावा चौथे स्थान पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में कुल 5,796 केस दर्ज किए गए। यहां क्रमश: 2240, 1936 और 1620 केस दर्ज किए गए। (हि.स.)

Updated : 27 Jun 2019 2:02 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top