Home > राज्य > अन्य > कांग्रेस के झूठे नारे से नहीं, भाजपा के काम से हटेगी गरीबी : कलराज मिश्र

कांग्रेस के झूठे नारे से नहीं, भाजपा के काम से हटेगी गरीबी : कलराज मिश्र

- बोले, कांग्रेस के घोषणापत्र से आतंकवादियों का बढ़ा मनोबल

कांग्रेस के झूठे नारे से नहीं, भाजपा के काम से हटेगी गरीबी : कलराज मिश्र
X

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हरियाणा लोकसभा चुनाव समिति प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने कहा कि कांग्रेस के झूठे नारे से नहीं, भाजपा के काम से हटेगी गरीबी। भाजपा की जन-धन योजना, मुद्रा योजना, उज्जवला योजना व किसान सम्मान निधि योजना से गरीबी हटेगी। कांग्रेस हर चुनाव में गरीबी हटाने का नारा देती है। इस बार भी घोषणापत्र में यही नारा दिया है। मिश्र ने सवाल किया कि पिछले 10 साल की सरकार में कांग्रेस ने क्या किया, इसका हिसाब जनता को दे।

वे शनिवार को यहां एक होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने कांग्रेस पर हमला बोला। कहा, कांग्रेस ने घोषणापत्र में सेना के शौर्य और पराक्रम को ठेस पहुंचाई है। इससे आतंकवादियों का मनोबल बढ़ा है। भाजपा का उद्देश्य आतंकवाद का खात्मा करना है। पुलवामा हमले के बाद बालकोट पर एयर सर्जिकल स्ट्राइक इसका सबूत है। दुर्भाग्य है कि पाकिस्तान के साथ राजनीतिक पार्टियों ने इस पर सबूत मांगे।

कश्मीर अभिन्न अंग

मिश्र ने कहा, जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। वहां की जनता भाजपा पर भरोसा कर रही है। मगर अलगाववादी और कुछ सियासी ताकतें कश्मीर की जनता को गुमराह कर रही हैं। सरकार कश्मीर से 35-ए व धारा-370 हटाने के लिए प्रयासरत है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुला ने कश्मीर के लिए अलग प्रधानमंत्री और झंडा होने की वकालत कर देशविरोधी ताकतों का मनोबल बढ़ाया है। 35-ए व धारा-370 पर पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

72 हजार का वादा निकलेगा झूठा

मिश्र ने कहा कि कांग्रेस का गरीबों को 72 हजार रुपये देने का वादा झूठा निकलेगा। हरियाणा के लोकसभा उम्मीदवारों के नामों की घोषणा जल्द होगी। उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के समझौते के सवाल पर कहा, यह लोग कुंठित मानसिकता के हैं। इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता।

Updated : 6 April 2019 9:42 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top