Home > खेल > हॉकी > ओलंपिक मैच अधिकारी रघु प्रसाद और जावेद शेख को हॉकी इंडिया ने दी बधाई

ओलंपिक मैच अधिकारी रघु प्रसाद और जावेद शेख को हॉकी इंडिया ने दी बधाई

ओलंपिक मैच अधिकारी रघु प्रसाद और जावेद शेख को हॉकी इंडिया ने दी बधाई
X

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने गुरुवार को रघु प्रसाद और जावेद शेख को अगले साल टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों में अंतरराष्ट्रीय हॉकी फेडरेशन (एफआईएच) द्वारा मैच अधिकारियों की सूची में शामिल किये जाने पर बधाई दी है। यह दोनों अधिकारी पुरुष हॉकी मैचों में अंपायरिंग करेंगे।

जावेद शेख और रघु प्रसाद को बधाई देते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मो. मुश्ताक अहमद ने कहा, "मैं जावेद शेख और रघु प्रसाद को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) द्वारा 2020 टोक्यो ओलंपिक में नियुक्त करने के लिए बधाई देता हूं। दोनों अंपायरों ने यह उपलब्धि 15 साल से अधिक समय तक बिना थके काम करने के लिए अर्जित की है। हमारे लिए गर्व की बात है जब अंपायर दुनिया भर के शीर्ष टूर्नामेंटों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। मैं शेख और प्रसाद को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देता हूं। "

बता दें कि मुंबई के जावेद शेख ने 2000 में एक स्थानीय टूर्नामेंट में अंपायर के रूप में अपना करियर शुरू किया। 2002 में उन्हें एक राष्ट्रीय अंपायर के रूप में बुलाया गया, जिसके बाद उन्हें पोलैंड में 2003 के अंडर -21 आमंत्रण कप में एक अवसर मिला जहां उन्होंने एक अंतरराष्ट्रीय अंपायर के रूप में कार्य किया। पिछले दशक में शेख ने कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स के साथ-साथ 2014 के पुरुष विश्व कप जैसे प्रमुख प्रतियोगिताओं में अंपायरिंग की। 2016 के रियो ओलंपिक के दौरान भी उन्हें अंपायर के रूप में भी बुलाया गया।

वहीं, बेंगलुरु के रघु प्रसाद ने वर्ष 2001 में अपने अंपायरिंग करियर की शुरुआत की। उन्होंने करियर की शुरूआत में घरेलू, स्कूल, कॉलेज और लीग टूर्नामेंट में बतौर अंपायर भाग लिया। 2003 में पहली बार ऑस्ट्रेलिया में फोर नेशंस टूर्नामेंट में प्रसाद ने अंतरराष्ट्रीय अंपायर के रूप में कार्य किया। पिछले 16 वर्षों में, प्रसाद ने कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, तीन विश्व कप जैसे प्रमुख कार्यक्रमों में अंपायरिंग की है।

Updated : 12 Sep 2019 10:02 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top