Home > खेल > हॉकी > गोलकीपर सविता को 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरा करने पर हॉकी इंडिया ने दी बधाई

गोलकीपर सविता को 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरा करने पर हॉकी इंडिया ने दी बधाई

गोलकीपर सविता को 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरा करने पर हॉकी इंडिया ने दी बधाई
X

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता को 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरा करने पर बधाई दी है। शुक्रवार को गोलकीपर सविता ने अपने करियर का 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। यह मुकाबला इंग्लैंड दौरे पर गई भारतीय टीम द्वारा पांचवें और अंतिम मैच के रूप में खेला गया। यह मैच ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ मार्लो, इंग्लैंड में खेला गया।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने सविता को देश के लिए खेलते हुए 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरा करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, "मैं सविता को भारत के लिए 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने पर बधाई देता हूं। 2009 में पदार्पण करने के बाद से वह एक शानदार खिलाड़ी रही हैं और युवा खिलाड़ियों के लिए एक रोल मॉडल हैं। उनका प्रदर्शन प्रेरणादायक है। मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।"

सविता ने 2009 में डर्बन में खेले गए स्पार कप फोर नेशन्स टूर्नामेंट के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण किया था। इसके बाद उन्होंने अपने अच्छे प्रदर्शन के दम पर मुख्य टीम में अहम खिलाड़ी के रूप में अपनी जगह बनाई। साल 2017 में कनाडा में आयोजित हुए हॉकी वर्ल्ड लीग राउंड-2 में सविता को टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के पुरस्कार से नवाजा गया था। 2016 में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा भी थीं। हरियाणा की गोलकीपर सविता ने महिला एशिया कप 2017 में स्वर्ण पदक जीतने में भी टीम की मदद की, जहां उन्हें सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर पुरस्कार, वुमेन एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2018 में रजत पदक और 2018 एशियाई खेल में रजत पदक से सम्मानित किया गया। भारतीय टीम के साथ अपने 10 वर्षों के दौरान सविता ने रियो ओलंपिक 2016 में भी भाग लिया है। लंदन में आयोजित महिला हॉकी विश्वकप 2018 के क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाने वाली टीम की सदस्य भी थीं। मैदान पर उनके प्रयासों और शानदार प्रदर्शन के कारण 2018 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

Updated : 4 Oct 2019 1:51 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top