Home > खेल > फीफा विश्व कप : उद्घाटन मुकाबले में रूस ने सऊदी अरब को 5-0 से हराया

फीफा विश्व कप : उद्घाटन मुकाबले में रूस ने सऊदी अरब को 5-0 से हराया

फीफा विश्व कप : उद्घाटन मुकाबले में रूस ने सऊदी अरब को 5-0 से हराया
X

मॉस्को। फीफा विश्व कप 2018 में मेजबान रूस ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरूआत की। उद्घाटन मैच में रूस ने सऊदी अरब को 5-0 से शिकस्त दी। ग्रुप ए के इस मुकाबले में रूस ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और गाजिंस्की ने 12वें मिनट में गोल कर रूस को 1-0 से आगे कर दिया।

इसके बाद 43वें मिनट में 27 साल के डेनिस चेरिशेव ने गोल दागा और रूस को 2-0 से बढ़त दिला दी. इसके साथ ही डेनिस स्थानापन्न (सब्स्टीट्यूट) प्लेयर के तौर पर इस विश्व कप में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। इसके बाद एक और स्थानापन्न खिलाड़ी 29 साल के एरटेम डेज्यूबा ने 71 वें मिनट में गोल दागकर रूस को 3-0 से बड़ी बढ़त दिला दी। चेरिशेव ने अतिरिक्त समय (91वें मिनट) में मैच का अपना दूसरा गोल करते हुए रूस की बढ़त 4-0 कर दी। इस गोल के 4 मिनट बाद ही गोलोविन ने पांचवा गोल कर रूस की बढ़त 5-0 कर दी और यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ। इस जीत के साथ ही लुज्निकी स्टेडियम में मौजूद 80,000 दर्शक जश्न में डूब गए और तालियों के साथ अपनी टीम के जीत का जश्न मनाया।
इससे पहले फुटबॉल के इस महाकुम्भ के उद्धाटन समारोह की शुरूआत ब्रिटेन के रॉक म्यूजिक स्टार रॉबी विलियम्स रूस की एडा गरिफुलिना के प्रस्तुति के साथ हुआ। रॉबी ने 'लेट मी इंटरटेन यू 'पर परफॉर्म किया। दोनों गायकों की प्रस्तुति खत्म होने के बाद मैच की आधिकारिक गेंद को लेकर मॉडल विक्टोरिया लोपरेया उतरीं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और फीफा प्रमुख जियानीइनफांतिनो ने टूर्नामेंट की शुरुआत की औपचारिक घोषणा की।

Updated : 15 Jun 2018 2:29 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top