Home > राज्य > अन्य > नई दिल्ली > सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पछाड़ योगी बने नम्बर-1

सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पछाड़ योगी बने नम्बर-1

सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पछाड़ योगी बने नम्बर-1
X

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। गूगल ट्रेंड्स के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ पूरे देश में पूर्व और वर्तमान मुख्यमंत्रियों में से सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले नेता हैं। यही नहीं वह पिछले एक साल से नंबर एक की स्थिती में हैं। यह ट्रेंड उस समय चर्चा में आया जब भाजपा ने हाल ही में उप्र के मुख्यमंत्री को मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में होने वाले चुनाव के लिए स्टार प्रचारक के रूप में चुना है। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि योगी आदित्यनाथ इन राज्यों में कितनी रैलियों और जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वास्तव में योगी आदित्यनाथ को इससे पहले के चुनाव में भी भाजपा स्टार प्रचारक के रूप में चुन चुकी है। कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, गोवा और त्रिपुरा में योगी की लोकप्रियता भाजपा के भगवा मैस्कट के रूप में उभरी थी। ट्रेंड के मुताबिक, गोरखनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी योगी आदित्यनाथ सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से लोकप्रियता के मामले में काफी आगे हैं। उन्होंने इस मामले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गुजरात के भाजपा विजय रूपाणी, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को भी पीछे छोड़ दिया है। ट्रेंड के अनुसार, योगी को लेकर 70 प्रतिशत सर्च हुए हैं जिसमें से ज्यादातर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में योगी के बारे में उपभोक्ताओं ने खोजा। इनमें उप्र, त्रिपुरा, दादर व नगर हवेली और नगालैंड शामिल हैं। ट्रेंड में योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के दो क्षेत्रीय दिग्गज समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती से भी आगे नजर आते हैं। जबकि मायावती खुद सोशल मीडिया से दूर ही रहती हैं लेकिन उनके समर्थक सोशल मीडिया पर कैंपेन लॉन्च करके उनकी लोकप्रियता को भुनाने की कोशिश करते रहते हैं। वहीं अखिलेश यादव सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और मुद्दों पर अपनी राय रखते रहते हैं। उप्र में भाजपा के प्रवक्ता चंद्र मोहन बताते हैं कि योगी की लोकप्रियता उनकी कार्यशैली की वजह से है। वह कहते हैं कि उनकी लोकप्रियता न सिर्फ उत्तर पूर्व राज्यों बल्कि केरल जैसे सुदूर दक्षिण राज्य में भी है।

Updated : 27 Oct 2018 12:46 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top