Home > राज्य > मध्यप्रदेश > अन्य > त्रिपुंड लगाने से वोट नहीं मिलते राहुल गाँधी, जनता की सेवा करनी पड़ती है: शिवराज

त्रिपुंड लगाने से वोट नहीं मिलते राहुल गाँधी, जनता की सेवा करनी पड़ती है: शिवराज

त्रिपुंड लगाने से वोट नहीं मिलते राहुल गाँधी, जनता की सेवा करनी पड़ती है: शिवराज
X

विदिशा/सिरोंज/स्वदेश वेब डेस्क। चुनाव आते ही कांग्रेस के लोग मंदिर और मस्जिदों में घूमने लगे हैं। खुद राहुल बाबा त्रिपुंड लगाकर जनता से वोट मांग रहे हैं। हमें इस बात पर आपत्ति नहीं है कि आप मंदिर में जा रहे हैं या मस्जिद में। आप कहीं भी जाएं, मगर भैया त्रिपुंड लगाने से वोट नहीं मिला करते। इसके लिए जनता की सालों साल सेवा करना पड़ती है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को यह सलाह मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मंगलवार को सिरोंज में जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान आयोजित आम सभा को संबोधित करते हुए दी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा मंगलवार को विदिशा जिले के सिरोंज पहुंची। हेलीपैड पर गर्मजोशी से स्वागत के बाद मुख्यमंत्री सभा स्थल पहुंचे। यहां मंच पर देवी स्वरूपा कन्याओं को देवी की वेशभूषा में सजाकर बिठाया गया था। मुख्यमंत्री ने इन कन्याओं का पूजन करके सभा की शुरुआत की। इस दौरान मंच पर मुख्यमंत्री की पत्नी साधना सिंह, सांसद लक्ष्मीनारायण यादव, जिला अध्यक्ष राकेश जादौन एवं पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा उपस्थित थे।

कांग्रेस ने किसानों को दिया कुछ नहीं, उनकी लंगोटी भी उतार ली थी

सिरोंज के नवीन बस स्टैंड पर आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आते ही कांग्रेस को किसानों की याद आने लगी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल बाबा को यह तक नहीं पता कि प्याज जमीन के अंदर होता है या ऊपर। कांग्रेस सालों साल सरकार में रही, लेकिन किसानों का कुछ भी नहीं हुआ। अंग्रेजों के शासन से लेकर कांग्रेस के शासनकाल तक प्रदेश में कुल साढ़े 7 लाख हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई होती थी। अब 40 लाख हेक्टेयर जमीन सिंचित हो रही है। अगले 5 सालों में यह आंकड़ा 80 लाख हैक्टेयर तक पहुंच जाएगा। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने किसानों का विकास तो किया नहीं, उल्टे उनकी लंगोटी भी उतार ली थी।

बेटियों का भविष्य संवरेगा, तो दो परिवार संवर जाएंगे

मुख्यमंत्री ने कन्यापूजन के बाद अपने भाषण की शुरुआत भी बेटियों से ही की। सभा में बड़ी संख्या में उपस्थित बेटियों और भांजियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पुलिस की भर्ती में बेटियों के लिए 35 प्रतिशत पद आरक्षित कर दिए हैं। बेटियों के हाथ में डंडे और पिस्तौल जैसे हथियार होंगे, तो वे गुंडे-मवालियों की अक्ल ठिकाने लगा देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने शिक्षकों के पदों में 50 प्रतिशत पद बेटियों के लिए आरक्षित किए हैं। इसके अलावा वन विभाग में भी बेटियों के लिए आरक्षण किया है। बेटियों का भविष्य संवरेगा, तो दो परिवार संवर जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभा में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियों का सम्मान करो। मेरे सामने देवी स्वरूपा कन्याएं बैठी हुई हैं, इनका पूजन करके मैं विश्वास दिलाता हूं कि सिरोंजवासियों के पैरों में कांटे नहीं चुभने दूंगा। सिरोंजवासियों के घरों में खुशियों की बारिश होगी।

पाच साल में पिछड़ गया है सिरोंज, अब भाजपा को आशीर्वाद दें

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार आप लोगों ने सिरोंज की सीट से भाजपा को जिताने में कसर छोड़ दी थी, इसलिए विकास की दौड़ में यह 5 साल पिछड़ गया। आपने जिन्हें विधायक चुना, उन्होंने सिरोंज के विकास के लिए कोई प्रयास नहीं किए। लेकिन इस बार आप लोग भाजपा को अपना आशीर्वाद दें। यहां भाजपा जीतेगी, तो मैं मुख्यमंत्री बनूंगा और मैं मुख्यमंत्री बना तो 2019 में भाई नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री बनेंगे। सिरोंज के साथ पूरे देश में विकास की गंगा बहेगी।

सिरोंज में कभी देखा नहीं ऐसा रोड शो

सिरोंज पहुंचने पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का अभूतपूर्व स्वागत हुआ। सभा के बाद मुख्यमंत्री का रोड शो शुरू हुआ। अपने रथ में सवार होकर मुख्यमंत्री नगर के प्रमुख मार्गों और बाजारों से गुजरे। इस दौरान उनका जगह-जगह स्टाल सजाकर स्वागत किया गया। सडक़ के दोनों ओर बने मकानों से मुख्यमंत्री के रथ पर फूल बरसाए गए। मुख्यमंत्री के रथ के आगे जहां तक नजर जाती थी, भाजपा के ध्वज ही ध्वज नजर आ रहे थे। अपने हाथों में भाजपा का झंडा थामे हजारों कार्यकर्ता और आम लोग मुख्यमंत्री के रोड शो में शामिल थे। नगर के लोगों के अनुसार मुख्यमंत्री का यह रोड अभूतपूर्व था और इससे पहले वहां इस स्तर का एक भी रोड शो नहीं हुआ।

Updated : 16 Oct 2018 6:56 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top