Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > उत्सव है यात्रा, मुख्यमंत्री के प्रति जनता में अपार विश्वास

उत्सव है यात्रा, मुख्यमंत्री के प्रति जनता में अपार विश्वास

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राज्यसभा सदस्य एवं जन आशीर्वाद यात्रा के प्रदेश प्रभारी प्रभात झा ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश के लोगों के लिए योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित करने का जो कार्य किया है, वह ऐतिहासिक है।

उत्सव है यात्रा, मुख्यमंत्री के प्रति जनता में अपार विश्वास
X

मुख्यमंत्री जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर भाजपा की संभागीय बैठक आयोजित

गांव-गांव तक पहुंचेगी यात्रा,गिनाई जाएंगी सरकार की उपलब्धियां प्रभारी, मंत्री व प्रदेश पदाधिकारियों ने दिए कार्यकर्ताओं को यात्रा को सफल बनाने के टिप्स

ग्वालियर | भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राज्यसभा सदस्य एवं जन आशीर्वाद यात्रा के प्रदेश प्रभारी प्रभात झा ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश के लोगों के लिए योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित करने का जो कार्य किया है, वह ऐतिहासिक है। प्रदेश की जनता के साथ मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का आत्मीय रिश्ता है। मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता के कारण जनता में उनकी जबरदस्त सहानुभूति है। हम जनआशीर्वाद यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री द्वारा किए गए कार्यों, योजनाओं एवं भाजपा की नीतियों से आमजन को अवगत कराएंगे।

वह यात्रा की तैयारियों को लेकर जीआईसीटी कॉलेज में आयोजित ग्वालियर-चंबल संभाग की संभागीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान नगरीय विकास मंत्री श्रीमती मायासिंह, सामान्य प्रशासन मंत्री लालसिंह आर्य, मंत्री नारायणसिंह कुशवाह, यात्रा के सह प्रभारी अजयप्रताप सिंह, विश्वास सारंग आदि विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रभात झा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भारतीय परंपरा व मूल्यों में विश्वास रखती है। हमारी परंपरा है कि किसी भी कार्य को प्रारंभ करने से पहले बुजुर्गों का आशीर्वाद व साथियों की शुभकामनाएं ले।

इसी क्रम में मध्यप्रदेश के विकास के रथ को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान चौथी बार विकास रथ को आगे बढ़ाने के लिए विधानसभा चुनाव 2018 के पहले मध्यप्रदेश की सभी विधानसभाओं में जनता के बीच पहुंचकर उनसे आशीर्वाद लेने के लिए जनआशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में 14 जुलाई को करेंगे। जो निरंतर 55 दिनों तक प्रदेश की 230 विधानसभा में मध्यप्रदेश की जनता के बीच रू-ब-रू होते हुए विकास के पथ को आगे बढ़ाने के लिए जन आशीर्वाद लेंगे। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा एक उत्सव यात्रा है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के प्रति जनता में अपार विश्वास है। कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से अपने विधानसभा में निकलने वाली जनआशीर्वाद यात्रा की तैयारियां कर अधिक से अधिक संख्या में भाजपा की सरकार से लाभांवित हितग्राहियो से संपर्क करें एवं आशीर्वाद यात्रा के लिए कार्यकर्ता अपनी अपनी जिम्मेदारी तय करें।

पूरे मन से जुटें कार्यकर्ता, यात्रा को बनाएं सफल

भाजपा के प्रदेश महामंत्री, राज्यसभा सांसद एवं सह प्रभारी अजयप्रताप सिंह ने जन आशीर्वाद यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो, इसके लिए हमें प्राण प्रण से जुटना है। यशस्वी मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने हर वर्ग के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है। प्रदेश की जनता अपने लाड़ले मुख्यमंत्री को जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान आशीर्वाद देगी। बैठक का संचालन जयसिंह कुशवाह ने और आभार वेदप्रकाश शर्मा ने व्यक्त किया। बैठक में संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरुआ, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर एवं जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा व पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जनता का आशीर्वाद प्राप्त कर चौथी बार बनाएंगे सरकार

सहकारिता मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) एवं यात्रा के सह प्रभारी विश्वास सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों से निकलने वाली जन आशीर्वाद यात्रा प्रदेश सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों से मिली जनता को राहत की उत्सवी यात्रा है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान यात्रा के माध्यम से प्रदेश के जन-जन का आशीर्वाद प्राप्त कर चौथी बार प्रदेश में सरकार बनाएंगे।

अंतिम दौर में ग्वालियर आएगी यात्रा

यह यात्रा 14 जुलाई से शुरू होगी करीब दो महीने तक पूरे प्रदेश में घूमेगी। 28 जुलाई को चंबल संभाग में यात्रा पहुंचेगी और दो दिन यहां पर रहेगी। ग्वालियर में सितंबर महीने में यात्रा के आने की उम्मीद है।



Updated : 30 Jun 2018 12:16 PM GMT
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top