Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > अटल जी हमारे बीच विचारों के रूप में आज भी अटल हैं : सांसद शेजवलकर

अटल जी हमारे बीच विचारों के रूप में आज भी अटल हैं : सांसद शेजवलकर

अटल जी हमारे बीच विचारों के रूप में आज भी अटल हैं : सांसद शेजवलकर
X

-भाजपा ने अटल जी का जन्मदिन सेवा कार्य दिवस के रूप में मनाया

ग्वालियर, न.सं.। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन बुधवार को भाजपा ने सभी नौ मंडलों में सेवा पर्व के रूप में मनाया। सांसद विवेक शेजवलकर और जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा की अध्यक्षता में पार्टी नेताओं ने आज नौ मंडलों में अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर और गरीबों को कम्बल वितरण, वस्त्र वितरण एवं फल वितरण कर अटल जी को याद किया। इस अवसर पर विभिन्न सेवा कार्यों एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने प्रिय नेता अटल जी को श्रद्धांजलि दी और कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर व्यापक चर्चा की। इससे पहले सांसद श्री शेजवलकर एवं जिलाध्यक्ष श्री शर्मा ने सुबह कमल सिंह का बाग स्थित अटल जी के निवास पर पहुंचकर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। इसी क्रम में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा सुबह केन्द्रीय जेल में कैदियों को कम्बल और वहां रह रहे बच्चों को गर्म कपड़े बांटे गए।

इस अवसर पर सांसद श्री शेजवलकर ने कहा कि इस तरह के सेवा कार्य करने की प्रेरणा हम सभी को श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी से ही मिली है। अटल जी जैसे नेता बिरले ही होते हैं। हम लोगों के बीच में विचारों के रूप में अटल जी आज भी अटल हैं। यह अटल जी की ही प्रेरणा थी कि राजनैतिक दल होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी सामाजिक कार्यों से जुड़े, जिससे आगे बढ़कर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सामाजिक कार्यों का बीड़ा उठाया। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि अटल जी के विचारों को हर भाजपा कार्यकर्ता को आत्मसात करना चाहिए। समय कैसा भी रहा हो श्रद्धेय अटल जी ने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। अटल जी ने विचार की दृढ़ता के कारण सरकार को भी तिलांजलि देने में हिचक नहीं की। आज भारतीय जनता पार्टी का जो विराट स्वरूप दिखाई दे रहा है, उसमें अटल जी की इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्रीमती मायासिंह, नारायण सिंह कुशवाह, अभय चौधरी, राकेश जादौन, वेदप्रकाश शर्मा, जयसिंह कुशवाह, जयप्रकाश राजौरिया, कमल माखीजानी, शरद गौतम, महेश उमरैया, धीर सिंह तोमर, बृजेन्द्र सिंह जादौन, प्रमिला वाजपेयी, अशोक जादौन, राकेश गुप्ता, रामेश्वर भदौरिया, कनवर किशोर मंगलानी, नीता सिंघल, कमला सोनी, सुनीता शिवहरे, दीपक शर्मा, राकेश खुरासिया, गजेन्द्र सिंह राठौर, हरि सिंह तोमर, प्रमोद खंडेलवाल, विनोद शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Updated : 26 Dec 2019 12:00 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top