Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > चेम्बर चुनाव आज, एक सदस्य देगा सात मत

चेम्बर चुनाव आज, एक सदस्य देगा सात मत

छह पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्यों के लिए होगा मतदान

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद फर्जी मत डाला तो जाना होगा हवालात

ग्वालियर, न.सं.

मध्यप्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स के चुनाव शुक्रवार 15 मार्च को होंगे। इस चुनाव में मतदान का समय सुबह आठ से सायं पांच बजे तक का है। चेम्बर का यह चुनाव छह पदाधिकारियों और 31 समूह के 147 कार्यकारिणी सदस्यों के लिए होगा। इस चुनाव में प्रत्येक सदस्य को सात मत डालना होंगे, जिनमें छह मत पदाधिकारियों के लिए और एक मत कार्यकारिणी समूह का होगा। चुनाव में मतदान करने के लिए अपने साथ पहचान पत्र लेकर आना आवश्यक होगा। चुनाव से एक दिन पहले गुरुवार को क्रिएटिव और व्हाइट हाउस ने जोरदार जनसंपर्क कर व्यापारियों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।

देर रात तक आ जाएंगे परिणाम

शाम पांच बजे मतदान समाप्ति के बाद सात बजे से चेम्बर के मण्डेलिया सभागार में पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्यों की मतगणना का काम एक साथ शुरू होगा। इस बार पदाधिकारी पदों के छह मत-पत्र अलग-अलग हैं, इसलिए उन्हें फाडऩे की आवश्कता नहीं पड़ेगी। इस काम में शहर के 50 अभिभाषक एवं सी.ए. की ड्यूटी लगाई गई है।

कैमरे और पुलिस रखेगी निगरानी


चेम्बर का चुनाव सीसीटीवी कैमरों और भारी पुलिस बल की निगरानी मेें होगा। मतदाताओं को गार्डन वाले द्वार से प्रवेश मिलेागा, जहां पहचान पत्र दिखाने पर मतदान पर्ची मिलेगी। तत्पश्चात बेरीकेट्स के माध्यम से राजमाता विजयाराजे सिंधिया सभागार में प्रवेश कराया जाएगा और सभागार के अंतिम द्वार से बाहर निकाला जाएगा। मतदान के लिए बीस बूथ बनाए गए हैं और आठ से दस पेटियों में मत डाले जाएंगे। इसमें पदाधिकारी और कार्यकारिणी की पेटियां अलग रहेंगी।

क्रिएटिव हाउस ने किया जनसंपर्क


क्रिएटिव हाउस के छह प्रत्याशी अध्यक्ष पद के विजय गोयल, संयुक्त अध्यक्ष पद के सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष पद के गोकुल बंसल, मानसेवी सचिव पद के जगदीश मित्तल, संयुक्त मानसेवी सचिव पद के ब्रजेश गोयल एवं कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवार महेश गर्ग ने पाटनकर बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, डीडवाना ओली, राम मंदिर तक जबरदस्त जनसंपर्क किया। गहना ज्वेलर्स के संचालक सहित अन्य व्यापारियों ने इन प्रत्याशियों का जोरदार स्वागत किया। सराफा बाजार में गहना एवं सुवर्णा शोरूम पर और डीडवाना ओली में फिटवेल टेलर पर अतुल अग्रवाल की अगुवाई में बैण्ड-बाजों के साथ प्रत्याशियों का स्वागत किया गया।

व्हाइट हाउस ने किया जनसंपर्क


व्हाइट हाउस से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार भूपेन्द्र जैन ने गुरुवार को दिन भर मतदाताओं से व्यक्तिगत मुलाकातों का दौर जारी रखते हुए अपने पक्ष में मतदान की अपील की। इसी तरह संयुक्त अध्यक्ष पद के लिए प्रशांत गंगवाल, उपाध्यक्ष पद के लिए पारस जैन, मानसेवी पद के लिए डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त मानसेवी सचिव पद के लिए सुनील अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए वसंत अग्रवाल ने जनसंपर्क जारी रखते हुए मत मांगे।

अंतिम दिन खूब हुईं पार्टियां

आचार संहिता को दरकिनार करते हुए क्रिएटिव और व्हाइट हाउस ने अलग-अलग स्थानों पर खूब पार्टियां कीं। क्रिएटिव हाउस द्वारा गुरुवार को ऊषा किरण पैलेस होटल एवं व्हाइट हाउस द्वारा संगम वाटिका में पाॢटयां की गईं। कहने को इन्हीं हाउसों के कर्ता-धर्ताओं ने चुनाव आचार संहिता लगवाई थी, लेकिन यह लोग पार्टियों पर किसी भी तरह की रोक लगाने में नाकाम रहे। और तो और जो शिकायतें हुईं, उनकी जांच भी हुई। इसके बाद भी जब कोई कार्रवाई की स्थिति नहीं बनी तो पार्टी करने वालों के हौंसले और बुलंद हो गए। इस तरह खर्च रोकने की बजाय इस बार पिछली बार से कहीं अधिक प्रत्याशियों की जेब ढीली हुई। वहीं दूसरी ओर भीड़ बढ़ाने के लिए व्हाइट हाउस ने चेम्बर सदस्यों को परिवार सहित आमंत्रित किया।

प्रतिबंधित रहेगा सनातन धर्म मार्ग

चेम्बर का चुनाव होने के कारण सनातन धर्म मंदिर मार्ग वाहनों के लिए पूर्ण प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों पर किसी प्रकार का प्रचार-प्रसार नहीं किया जाएगा। मतदान के दौरान मोबाइल और अस्त्र-शस्त्र ले जाना पूर्ण प्रतिबंधित रहेगा।

बिना पते के लौटे मतपत्र होंगे निरस्त

चुनाव में बाहर भेजे गए 263 डाक मतपत्र में से 93 डाक मतपत्र लौट आए हैं। इन डाक मतपत्रों में से 88 डाक मतपत्र सील सिक्के के लौटे जबकि तीन डाक मतपत्र बैरंग लौट आए हैं। यह तीनो मतपत्र निरस्त होंगे। यह जानकारी संयुक्त निर्वाचन अधिकारी के.जी. दीक्षित ने दी।

सीआईडी की भी नजर

चूंकि पिछले चुनाव में दोनों हाउसों के लोग मतगणना के दौरान झगड़ पड़े थे और मत-पत्र लुट गए थे। यह मामला पुलिस थाने तक भी पहुंचा था, इसलिए इस बार पुलिस एवं प्रशासन भी इस चुनाव पर नजर रखे हुए है। पुलिस के अलावा सीआईडी के अधिकारी भी गुरुवार को चेम्बर में पहुंचे और वहां का मुआयना किया।

Updated : 14 March 2019 7:19 PM GMT
author-thhumb

Naveen Savita

Swadesh Contributors help bring you the latest news and articles around you.


Next Story
Top