Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > 24 को ग्वालियर आएगी जनआशीर्वाद यात्रा, तैयारी हेतु बैठक आयोजित

24 को ग्वालियर आएगी जनआशीर्वाद यात्रा, तैयारी हेतु बैठक आयोजित

केंद्रीय मंत्री तोमर और सांसद झा ने ली मंगल वाटिका में कार्यकर्ताओं की बैठक

24 को ग्वालियर आएगी जनआशीर्वाद यात्रा, तैयारी हेतु बैठक आयोजित
X

ग्वालियर/स्वदेश वेब डेस्क। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा 24 अक्टूबर को ग्वालियर में आएगी और शहरी क्षेत्र की तीनों विधानसभाओं में घूमेगी। मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा की तैयारियों को लेकर आज मेला ग्राउंड स्थित मंगल वाटिका में भाजपा की एक बैठक का आयोजन किया गया जिसमेँ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, सांसद प्रभात झा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यकर्ताओं को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप जानते हैं हम सबके जीवन में और देश में त्योहार का महत्वपूर्ण स्थान है। इस बार कार्यकर्ताओं का दशहरा और दीपावली चुनाव के मैदान में मनेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का परिश्रम रंग लाएगा और 2018 में फिर से भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश में सरकार बनेगी।

श्री तोमर ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि 24 अक्टूबर को ग्वालियर में आने वाली जनआशीर्वाद यात्रा को सभी कार्यकर्ता जनता से जुड़कर इसे सफल और ऐतिहासिक बनाएंगे। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। आज जनता का आशीर्वाद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की विजय को सुनिश्चित करेगा। मध्यप्रदेश में और देश में भारतीय जनता पार्टी की ताकत बढ़ रही है। कांग्रेस असत्य कथन करके एक असफल प्रयत्न कर रही है। भाजपा की नीति और नेता स्पष्ट है और भाजपा को कोई रोकने वाला नहीं है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मैदान में पूरी ताकत के साथ कांग्रेस को हराकर घर बैठा देंगे।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद प्रभात झा ने कहा कि पिछली बार भी जन आशीर्वाद यात्रा ग्वालियर आई थी और उसके बाद भारतीय जनता पार्टी को जो सफलता मिली थी वह आप सब जानते हैं। कांग्रेस की ओर से इलेक्शन कैंपेन में ज्योतिरादित्य सिंधिया कमान संभाले हैं वह अपनी शिवपुरी, गुना, अशोकनगर तक की सीट नहीं बचा पाए और यही हाल छिंदवाड़ा का है। कमलनाथ जी राजनीतिक तौर पर मजबूत नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संतरे की तरह दिखने वाली पार्टी है ऊपर से एक, अंदर से अलग-अलग है। भारतीय जनता पार्टी राजनैतिक तौर पर बहुत मजबूत है और आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जब जन आशीर्वाद यात्रा ग्वालियर आए तो कोई घर ना छूटे और पूरा ग्वालियर शहर जन आशीर्वाद यात्रा का स्वागत करें। अवसर है राजनीतिक तौर पर हमको दशहरा और दिवाली मनाने का।

पूर्व साडा अध्यक्ष एवं जनआशीर्वाद यात्रा के संभाग प्रभारी जयसिंह कुशवाह ने कहा कि प्रदेश में जो जनआशीर्वाद यात्रा का जो सैलाब चला है इससे ग्वालियर से भी एक मैसेज जाए, हर कार्यकर्ता को चाहिए कि जनआशीर्वाद यात्रा का रोड शो प्रभावी हो, ग्वालियर चंबल संभाग में सफलता के साथ जनआशीर्वाद यात्रा को सफल बनाएं। यात्रा के मार्ग की जानकारी देते हुए बताया कि ग्वालियर शहर में यात्रा दोपहर 2 बजे ग्वालियर पूर्व विधानसभा में जनआशीर्वाद यात्रा तिकोनिया मुरार से प्रवेश करते हुए कंपनी बाग, मुरार सब्जीमंडी होते हुए बारादरी चैराहा, चौहान प्याउ, थाटीपुर, ग्वालियर विधानसभा में पडाव से लोको, तानसेन रोड, हजीरा किलागेट, सेवानगर, फूलबाग होते हुए दक्षिण विधानसभा में इंदरगंज चैराहे से होते हुए उंटपुल, दौलतगंज, महाराज बाडा, सराफा बाजार, फालका बाजार, शिंदे की छावनी चैराहा पर जाकर समाप्त होगी।

बैठक में जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने उद्घाटन भाषण देते हुए कहा कि 24 अक्टूबर को जब जनआशीर्वाद यात्रा ग्वालियर आएगी तो भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ग्वालियर को दुल्हन की तरह सजाएंगे।इस अवसर पर मंच पर संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरूआ, मंत्रीगण श्रीमती मायासिंह, जयभान सिंह पवैया, नारायण सिंह कुशवाह, महापौर विवेक शेजवलकर, संभागीय सहप्रभारीद्वय वेदप्रकाश शर्मा, राजेश सोलंकी, विधायक भारत सिंह कुशवाह, महामंत्रीगण शरद गौतम, महेश उमरैया, ग्रामीण जिलाध्यक्ष वीरेंद्र जैन उपस्थित थे।बैठक का संचालन महामंत्री कमल माखीजानी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, शहर व ग्रामीण के जिला पदाधिकारी, मोर्चाें, प्रकोष्ठ, प्रकल्प के प्रदेश पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, मोर्चाें, प्रकोष्ठ, प्रकल्प के जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।

Updated : 20 Oct 2018 2:45 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top