Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > प्रदेश को समृद्ध बनाने के लिए 15 दिन में सुझाव दें अधिकारी

प्रदेश को समृद्ध बनाने के लिए 15 दिन में सुझाव दें अधिकारी

प्रदेश को समृद्ध बनाने के लिए 15 दिन में सुझाव दें अधिकारी
X

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश को विकसित प्रदेश से अब समृद्ध प्रदेश बनाने की कवायद शुरू कर दी है। इसको लेकर उन्होंने मंत्रालय में मुख्य सचिव, सभी अपर मुख्य सचिव और सचिवों की संयुक्त बैठक बुलाई। इसमें मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों से 15 दिन में समृद्ध प्रदेश बनाने के लिए सुझाव मांगे हैं।

मंत्रालय में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि प्रदेश में बिजली, पानी और सड़क की स्थिति बेहतर है, लेकिन रोजगार, उद्योगों की स्थिति कैसे बेहतर हो, इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य को लेकर भी प्रदेश में काम करने की जरूरत है। इसके लिए सभी अधिकारी सुझाव दें। उन्होंने अधिकारियों को 15 दिन का समय दिया है। 15 दिन बाद मुख्यमंत्री एक बार फिर सभी अधिकारियों के साथ बैठकर चर्चा करेंगे और उनसे प्रदेश को समृद्ध बनाने के लिए सुझाव लेंगे। करीब 20 मिनट चली बैठक में पूरे समय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही बोलते रहे। बैठक में मुख्य सचिव बसंत प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। इससे पहले मुख्यमंत्री सिवनी से भोपाल पहुंचे और करीब 11 बजे मंत्रालय पहुंचे।

...इसलिए कवायद शुरू

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी जन आशीर्वाद यात्रा में लगभग हर जगह प्रदेश को विकसित राज्य से समृद्ध राज्य बनाने की बात कह रहे हैं। इसके लिए वे जनता से वादा भी कर रहे हैं कि यदि इस बार भी भाजपा की सरकार आएगी तो वे प्रदेश की जनता को समृद्ध राज्य की सौगात देंगे। अब उन्होंने इसकी कवायद भी शुरू कर दी है।

दृष्टि पत्र-2022 तैयार करने में जुटे हैं अधिकारी

मुख्यमंत्री ने 2022 तक की कार्ययोजना बनाने के लिए पहले ही अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं। वे दृष्टि पत्र-2022 के माध्यम से चुनाव के दौरान कई घोषणाएं भी करेंगे। बताया जा रहा है कि सभी अधिकारी दृष्टि पत्र-2022 की तैयारियों को लेकर जुटे हुए हैं। इसको लेकर मुख्य सचिव भी अधिकारियों से लगातार फीडबैक ले रहे हैं, ताकि चुनावी आचार संहिता से पहले दृष्टि-पत्र पूरी तरह तैयार कर लिया जाए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने दृष्टि पत्र 2018 भी तैयार कराया था। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों से इस पर वन-टू-वन चर्चा भी की थी।

Updated : 9 Aug 2018 1:04 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top